Saturday, 28 November 2026 | 9:06 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष अभियान 28 और 29 नवंबर को, पात्र नागरिक भरें फार्म-6

फर्रुखाबाद में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं सहित पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं। इसके लिए मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे।
Share:
फर्रुखाबाद: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष अभियान 28 और 29 नवंबर को, पात्र नागरिक भरें फार्म-6
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं सहित ऐसे सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया की जा रही है, जिनका नाम अभी तक किसी भी विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है।
पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फार्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया जाएगा। इसके लिए आवेदक भौतिक रूप से भरा हुआ फार्म-6 संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कर सकते हैं। फार्म के साथ नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, वर्तमान एवं सक्रिय मोबाइल नंबर, पूरा पता तथा अन्य आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराना होगा।
28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस
निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान के लिए 28 नवंबर 2026 (शनिवार) एवं 29 नवंबर 2026 (रविवार) की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दोनों दिनों में प्रत्येक पदाभिहित स्थल अर्थात मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। पात्र नागरिक इस अवसर का लाभ उठाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
जिन पात्र नागरिकों का नाम आलेख्य मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर फार्म-6 भर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ECINET ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
समस्या होने पर हेल्पलाइन पर करें संपर्क
मतदाता पंजीकरण से संबंधित किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय, फर्रुखाबाद की हेल्पलाइन संख्या 05992-1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे 28 एवं 29 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर उपस्थित बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करें। विशेष रूप से युवा नागरिक इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।