फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 15 अक्टूबर 2026 वैश्विक हाथ धुलाई दिवस (ग्लोबल हैंडवाशिंग डे) के अवसर पर बृहस्पतिवार को फर्रुखाबाद में “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (PSI India) और केनव्यू (KENVUE) के सहयोग से विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को हाथों की स्वच्छता और बीमारियों से बचाव के तरीके बताए गए।
कार्यक्रम के तहत जवाहरलाल प्राथमिक विद्यालय पल्ला और कंपोजिट विद्यालय पलरा तालाब में पीएसआई इंडिया के अमरीश पाण्डेय और अनुपम मिश्र ने विद्यार्थियों को हाथ धोने के सही तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोने की आदत अपनाकर कई संक्रामक बीमारियों से बचा जा सकता है।
कंपोजिट विद्यालय पलरा तालाब की प्रधानाचार्या ममता परिहार ने बच्चों को समझाया कि हाथों के माध्यम से बैक्टीरिया और वायरस शरीर में पहुंचकर बीमारियां पैदा कर सकते हैं। इसलिए भोजन बनाने और खाने से पहले, शौचालय का इस्तेमाल करने के बाद तथा खांसने और छींकने के बाद हाथ धोना बेहद जरूरी है। उन्होंने हाथों की हथेलियों के साथ उंगलियों, नाखूनों और हाथों के पिछले हिस्से की सफाई पर भी जोर दिया।
साबुन से हाथ धोना बीमारियों से बचाव का आसान उपाय
पीएसआई इंडिया के अमरीश पाण्डेय ने कहा कि शौचालय के इस्तेमाल के बाद साबुन से हाथों को अच्छी तरह साफ करना चाहिए। यह एक छोटी-सी आदत है, लेकिन बीमारियों से बचाव में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। हाथों की सही सफाई कई संक्रामक बीमारियों का खतरा कम कर सकती है।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष 15 अक्टूबर को वैश्विक हाथ धुलाई दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को साबुन और पानी से हाथ धोने के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा देना है।
हाथ धोते समय इन हिस्सों की सफाई भी जरूरी
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने कहा कि हाथ धोते समय केवल हथेलियों को साफ करना पर्याप्त नहीं है। हाथों के पिछले हिस्से, उंगलियों के बीच, अंगूठे और नाखूनों के आसपास भी साबुन लगाकर अच्छी तरह रगड़ना चाहिए। सही तरीके से हाथ धोने की आदत डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव में मदद करती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी हाथ धोने के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जवाहरलाल प्राथमिक विद्यालय पल्ला की प्रधानाचार्या सारिका वैश्य, अर्चिता मिश्रा सहित लगभग 83 बच्चे मौजूद रहे।
