फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 17 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान एवं विश्व पर्यटन माह के अंतर्गत पर्यटन विभाग की ओर से सोशल इनफ्लुएंसर, यूट्यूबर और ब्लॉगर की टीम को जनपद फर्रुखाबाद से जनपद आगरा के प्रमुख पर्यटन, धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों के भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर टीम को आगरा के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से पर्यटन के क्षेत्र में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ेगी। सोशल मीडिया के माध्यम से पर्यटन स्थलों को बेहतर ढंग से एक्सप्लोर कर उनकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि पर्यटन विभाग के माध्यम से भविष्य में भी इस तरह के टूर आयोजित किए जाते रहेंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों को पर्यटन के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया वर्तमान समय में पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है। सोशल इनफ्लुएंसर, यूट्यूबर और ब्लॉगर द्वारा पर्यटन स्थलों की जानकारी अपने-अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा किए जाने से लोगों में इन स्थलों को देखने और वहां पहुंचने की रुचि बढ़ सकती है।
इससे पूर्व भी कई सोशल इनफ्लुएंसर द्वारा जनपद फर्रुखाबाद के प्रमुख पर्यटन स्थलों को एक्सप्लोर किया गया है। भ्रमण के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से इन स्थलों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई गई, जिससे फर्रुखाबाद के पर्यटन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने और जिले में पर्यटकों को आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के संयोजन में पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. एम. मकबूल उपस्थित रहे।
