Sunday, 18 October 2026 | 4:29 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:यातायात विभाग किसानों का उत्पीड़न बंद करे, 19 अक्टूबर को होगा सीओ यातायात का घेराव- अजय कटियार

फर्रुखाबाद भारतीय किसान यूनियन टिकैत की किसान पंचायत में किसानों के चालान, छुट्टा पशुओं, बाढ़ और बिजली विभाग की कार्रवाई समेत विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। संगठन ने 19 अक्टूबर को सीओ यातायात के घेराव का ऐलान किया।
Share:
फर्रुखाबाद:यातायात विभाग किसानों का उत्पीड़न बंद करे, 19 अक्टूबर को होगा सीओ यातायात का घेराव- अजय कटियार
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 17 अक्टूबर 2026 भारतीय किसान यूनियन टिकैत फर्रुखाबाद संगठन की ओर से शनिवार को तहसील अमृतपुर क्षेत्र के ब्लॉक राजेपुर की ग्राम सभा गुंडेरा में किसान पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए 19 अक्टूबर को सीओ यातायात का घेराव करने का निर्णय लिया गया।

किसान पंचायत को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि अमृतपुर क्षेत्र के किसान अभी बाढ़ की समस्या से पूरी तरह उबर भी नहीं पाए हैं कि छुट्टा पशुओं के आतंक से परेशान हैं। उन्होंने यातायात विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि NHAI-730 पर बनाए गए ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त संकेतक नहीं लगाए गए हैं और न ही संबंधित ठेकेदार अथवा विभाग की ओर से किसानों एवं आम जनता को इसके संबंध में जागरूक किया गया।

अजय कटियार ने आरोप लगाया कि जागरूकता के अभाव का लाभ उठाकर यातायात विभाग किसानों और युवाओं के प्रतिदिन लाखों रुपये के चालान कर रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर शहर के व्यस्ततम स्थानों पर स्लीपर बसों का संचालन हो रहा है और कई बसों के नो-पार्किंग में खड़े होने से जाम की समस्या उत्पन्न होती है।

उन्होंने किसानों से 19 अक्टूबर को बड़ी संख्या में पहुंचकर सीओ यातायात का घेराव करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान यातायात विभाग से किसानों की समस्याओं और कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा जाएगा।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि जनपद का किसान इस बार मौसम की दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर बाढ़ और मौसम की मार है तो दूसरी ओर बैंक तथा बिजली विभाग की कार्रवाई से किसान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग द्वारा चेकिंग के नाम पर किसानों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं और धन वसूली की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को परेशान किया गया तो बिजली विभाग की उन लाइनों को लेकर भी सवाल उठाए जाएंगे, जो किसानों के खेतों से होकर गुजर रही हैं।

जिला महासचिव अभय यादव ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने किसानों की समस्याओं को लेकर जो भी लड़ाई लड़ी है, उसमें संगठन को सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि 19 अक्टूबर को होने वाले यातायात विभाग के घेराव में बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि यदि किसानों की गाड़ियों के कागजात चेक कर चालान किए जाएंगे तो सरकारी वाहनों के कागजात भी चेक किए जाएंगे। उन्होंने सरकारी वाहनों की फिटनेस और बीमा समेत अन्य दस्तावेजों की जांच की मांग उठाई।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला सचिव सुशील दीक्षित बाबा जी, अमृतपुर तहसील अध्यक्ष अनीस सिंह सोनू सोमवंशी, तहसील उपाध्यक्ष रामछविले तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष राजेपुर टिंकू यादव, ब्लॉक उपाध्यक्ष जदुवीर यादव, ब्लॉक संगठन मंत्री सत्येंद्र यादव, कृष्णपाल यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।