फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 28 सितंबर 2026 लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ककरिया, पोस्ट कटरौली पट्टी में पककर तैयार धान की फसलें बारिश और तेज हवा के चलते खेतों में बिछ गई हैं। फसल कटाई के मुहाने पर थी, ऐसे में नुकसान से किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
खेतों में पानी भरने से धान की पकी बालियां पानी में डूब गई हैं। जमीन पर गिरी फसल में नमी बढ़ने के कारण दाने काले पड़ने और सड़ने की स्थिति बनने लगी है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द नहीं सुधरा और खेतों से पानी नहीं निकला तो नुकसान और बढ़ सकता है।
तेज हवाओं के कारण धान के साथ-साथ मक्का और बाजरा की फसलें भी खेतों में गिर गई हैं। किसानों के मुताबिक इन फसलों में प्रति बीघा काफी लागत लग चुकी है और कटाई के समय हुए नुकसान से उनकी पूरी मेहनत प्रभावित हुई है।
ग्राम ककरिया के किसान कृष्णपाल सिंह राठौर, रामफेरे प्रजापति, प्रतापभान राजपूत और कमलेश राठौर समेत अन्य किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित खेतों का स्थलीय सर्वे कराया जाए और फसल क्षति का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि बारिश से हुए नुकसान के बाद किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।