फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनपद में किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और जबरन टैगिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश एवं मुख्य विकास अधिकारी के आदेश के क्रम में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रतिदिन जिला कृषि अधिकारी एवं उर्वरक से जुड़े अधिकारियों के साथ खाद की आपूर्ति, वितरण और उपलब्धता की समीक्षा भी की जा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को नवाबगंज विकासखंड के अंतर्गत विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान दुकान बंद कर मौके से गायब रहने वाले छह विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इनमें मेसर्स श्री हरि इंटरप्राइजेज नवाबगंज, सिंह ट्रेडर्स नवाबगंज, गुप्ता खाद बीज भंडार नवाबगंज, यादव खाद भंडार नवाबगंज, नंदनी कृषि सेवा केंद्र सलेमपुर त्योरी तथा वीआईपी एंड रामू सलेमपुर त्योरी शामिल हैं।

जांच के दौरान मेसर्स प्रतिज्ञा खाद भंडार उम्मरपुर द्वारा भी कार्रवाई से बचने का प्रयास किया गया। अधोहस्ताक्षरी द्वारा बगल की दूसरी दुकान पर नमूना संग्रह किए जाने के दौरान संबंधित विक्रेता दुकान बंद करके भाग गया। इस मामले में फर्म का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, थोक विक्रेता मेसर्स लखन ट्रेडर्स जैनापुर द्वारा यूरिया के साथ जबरन कैल्शियम नाइट्रेट की टैगिंग किए जाने का मामला सामने आया। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए फर्म का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त कृषक अमन सिंह द्वारा दूरभाष पर मेसर्स नूरुल नवाब बीज भंडार कटिया के खिलाफ डीएपी निर्धारित मूल्य से अधिक पर बेचने की शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर फर्म का लाइसेंस निलंबित कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। विक्रेता द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर फर्म का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
खाद खरीदने के लिए किसान खतौनी और आधार कार्ड जरूर ले जाएं

कृषि विभाग के अनुसार जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। किसानों को उनकी मांग एवं खतौनी के आधार पर सहकारी और निजी बिक्री केंद्रों से उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों से अपील की गई है कि खाद खरीदने जाते समय अपनी खतौनी एवं आधार कार्ड अवश्य साथ लेकर जाएं, ताकि उनकी भूमि के अनुपात में निर्धारित मात्रा में उर्वरक मिल सके।
विभाग ने बताया कि किसानों को प्रति हेक्टेयर अधिकतम निर्धारित अनुमन्य मात्रा के अनुसार पांच बोरी डीएपी एवं सात बोरी यूरिया उपलब्ध कराई जा सकती है। सहकारी समितियों और निजी क्षेत्र में उपलब्ध उर्वरक की गुणवत्ता समान होती है। इसलिए किसान भाई सहकारी समितियों एवं इफको बिक्री केंद्रों के अतिरिक्त निजी क्षेत्र के किसी भी बिक्री केंद्र से खाद खरीद सकते हैं।
शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
प्रशासन ने किसानों की समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। यदि किसी विक्रेता द्वारा खाद देने में आनाकानी की जाती है, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूली जाती है अथवा खाद के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है तो किसान कार्यालय अवधि में कंट्रोल रूम नंबर 05692-297733 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे किसानों को उनकी जोत के अनुसार निर्धारित सरकारी मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराएं। खाद के साथ किसी अन्य उत्पाद की जबरन टैगिंग अथवा उर्वरक उपलब्ध कराने में अनावश्यक बाधा उत्पन्न करने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
समिति से खाद खरीदने के लिए सदस्यता अनिवार्य नहीं
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि सहकारी समितियों से उनके सदस्यों के अतिरिक्त अन्य किसान भी उर्वरक खरीद सकते हैं। हालांकि किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी नजदीकी सहकारी समिति की सदस्यता ग्रहण कर लें, जिससे उन्हें उर्वरक के साथ-साथ कृषि ऋण प्राप्त करने की सुविधा भी मिल सके।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे खाद की अनावश्यक खरीद और भंडारण न करें तथा निर्धारित मात्रा में ही उर्वरक प्राप्त करें। वहीं, विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।