Friday, 27 November 2026 | 4:18 PM
उत्तर प्रदेश

ताखा तहसील में विजिलेंस का छापा, 30 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो रंगेहाथ गिरफ्तार; 50 हजार की मांगी थी रकम

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले की ताखा तहसील में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कानपुर से पहुंची विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कानूनगो रामगोपाल को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि कानूनगो ने एक किसान से जमीन की पैमाइश कराने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।
Share:
ताखा तहसील में विजिलेंस का छापा, 30 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो रंगेहाथ गिरफ्तार; 50 हजार की मांगी थी रकम
कानूनगो को गिरफ्तार कर ले जाती एंटी करप्शन की टीम

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले की ताखा तहसील में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कानपुर से पहुंची विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कानूनगो रामगोपाल को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि कानूनगो ने एक किसान से जमीन की पैमाइश कराने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।

किसान की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने बिछाया जाल

मिली जानकारी के अनुसार, ताखा तहसील क्षेत्र का एक किसान अपनी जमीन की पैमाइश कराने के लिए काफी समय से तहसील के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि जमीन की पैमाइश कराने के बदले कानूनगो रामगोपाल ने किसान से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने कानपुर विजिलेंस टीम से इसकी शिकायत कर दी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर इंदु यादव के नेतृत्व में 11 सदस्यीय विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद शुक्रवार को टीम ताखा तहसील पहुंची और आरोपी कानूनगो को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

दोपहर 12:30 बजे 30 हजार रुपये लेते पकड़ा

विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोपहर करीब 12:30 बजे कानूनगो रामगोपाल को 30 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि किसान से कुल 50 हजार रुपये की मांग की गई थी, जबकि पहली कार्रवाई के दौरान 30 हजार रुपये लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक चर्चाएं होती रहीं।

कानूनगो को ले जाने पर हुआ विरोध, पुलिस बुलानी पड़ी

कानूनगो को गिरफ्तार करने के बाद जब विजिलेंस टीम उसे अपने साथ ले जाने लगी तो तहसील परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने टीम को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

हालात को देखते हुए विजिलेंस टीम ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को संभाला गया और विजिलेंस टीम आरोपी कानूनगो रामगोपाल को अपने साथ ऊसराहार थाने ले गई।

विजिलेंस की कार्रवाई से राजस्व विभाग में मचा हड़कंप

ताखा तहसील में हुई इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। जमीन की पैमाइश जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए रिश्वत मांगने का आरोप सामने आने से किसानों और आम लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

फिलहाल विजिलेंस टीम आरोपी कानूनगो को ऊसराहार थाने ले जाकर पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।