एटा, 27 नवंबर। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ के प्रशासन की कार्यशैली, परीक्षाओं में कथित तौर पर हो रही नकल और शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान में हो रही देरी के विरोध में जे.एल.एन. डिग्री कॉलेज, एटा के शिक्षकों ने शुक्रवार को महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने काली पट्टी बांधकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने रम्पुटा (राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय शिक्षक संघ) की 11 सूत्रीय मांगों का समर्थन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
रम्पुटा की प्रमुख मांगों में स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में नकल पर प्रभावी रोक लगाने, स्ववित्तपोषित एवं अशासकीय महाविद्यालयों के परीक्षा कार्य के पारिश्रमिक और टीए-डीए का भुगतान करने, शीतकालीन अवकाश की तिथियों में आवश्यक संशोधन करने, महाविद्यालयों की वरिष्ठता सूची जारी करने, शिक्षक कल्याण कोष समिति की बैठक आयोजित करने, शोधार्थियों की समस्याओं का समाधान करने तथा डिजिटल मूल्यांकन के लिए उचित पारिश्रमिक निर्धारित करने सहित 11 बिंदु शामिल हैं।
रम्पुटा कार्यकारिणी ने निर्णय लिया है कि मांगों के समर्थन में 27 एवं 28 नवंबर को विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन की फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों में शिक्षकों द्वारा सहभागिता नहीं करने का भी निर्णय लिया गया है।
इस अवसर पर रम्पुटा कार्यकारिणी के संयुक्त सचिव डॉ. राम सिंह, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. पुष्पेंद्र, संजय यादव, डॉ. सर्वेंद्र कुमार, डॉ. बाबू लाल भारती, डॉ. रत्नेश मिश्र, आनंद कुमार सिंह, प्रमोद यादव, डॉ. जागृति एवं दिग्विजय सिंह उपस्थित रहे।
शिक्षकों ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि शिक्षकों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा, नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था तथा विश्वविद्यालय में जवाबदेह शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए है।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो रम्पुटा आंदोलन की अगली रणनीति तैयार करेगा। इसके तहत धरना-प्रदर्शन के साथ-साथ विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली और शिक्षकों की समस्याओं के संबंध में उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
उत्तर प्रदेश
एटा: रम्पुटा ने विश्वविद्यालय की कार्यशैली पर उठाए सवाल, शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर किया विरोध