Saturday, 28 November 2026 | 8:58 AM
भारत

गया को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल तेज, उद्यमियों के साथ हुई विस्तृत उद्योग संवाद बैठक

Share:
गया को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल तेज, उद्यमियों के साथ हुई विस्तृत उद्योग संवाद बैठक

–फूड टेस्टिंग लैब की स्थापना, गुरारू में पावर ग्रिड निर्माण तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कार्यालय शुरू कराने की दिशा में पहल


 गया जिले को औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने तथा जिले में उद्योगों, कारखानों एवं उत्पादन इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं क्षेत्रों से आए उद्यमियों के साथ विस्तृत उद्योग संवाद बैठक आयोजित की गई।
        बैठक में जिले में नए उद्योगों की स्थापना, मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के विस्तार, औद्योगिक आधारभूत संरचनाओं के विकास, उद्यमियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं तथा उद्योग स्थापना की प्रक्रियाओं को सरल एवं सुगम बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा एवं समीक्षा की गई।
         जिला पदाधिकारी ने कहा कि गया जिले के प्रत्येक क्षेत्र एवं प्रखंड में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। जिले के कोने-कोने में उद्योगों का विस्तार हो तथा अधिक से अधिक उद्यमी यहां अपनी उत्पादन इकाइयां स्थापित करने के लिए आगे आएं, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्योगों की स्थापना से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं, अनापत्ति प्रमाण-पत्रों एवं अन्य प्रशासनिक औपचारिकताओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने में उद्यमियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करें।

फूड टेस्टिंग लैब की स्थापना की दिशा में पहल
       बैठक के दौरान उद्यमियों ने गया जिले में फूड टेस्टिंग लैब की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांच एवं अन्य परीक्षणों के लिए जिले के उद्यमियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर जिला पदाधिकारी ने आश्वस्त किया कि गया जिले में फूड टेस्टिंग लैब की व्यवस्था कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। इससे खाद्य प्रसंस्करण एवं खाद्य उत्पादन से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों को स्थानीय स्तर पर ही जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

गया में ही शुरू होगा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कार्यालय

    उद्यमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि गया जिले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कार्यालय भी शुरू कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे उद्योग संचालकों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संबंधित कार्यों, प्रक्रियाओं एवं आवश्यक अनुमतियों के लिए बार-बार पटना नहीं जाना पड़ेगा। जिले में ही कार्यालय की सुविधा उपलब्ध होने से उद्यमियों का समय एवं संसाधन दोनों की बचत होगी तथा औद्योगिक कार्यों में अनावश्यक विलंब भी कम होगा।

गुरारू में पावर ग्रिड निर्माण के लिए बिजली विभाग को निर्देश
     बैठक में गुरारू क्षेत्र एवं गुरारू इंडस्ट्रियल पार्क में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि वर्तमान में गुरारू क्षेत्र एवं इंडस्ट्रियल पार्क को रफीगंज से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति की आवश्यकता को देखते हुए गुरारू में पावर ग्रिड की स्थापना को आवश्यक बताया गया।
     इस पर जिला पदाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि गुरारू क्षेत्र में पावर ग्रिड की स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही इस संबंध में बिजली विभाग के प्रबंध निदेशक को पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया, ताकि पावर ग्रिड निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

गुरारू इंडस्ट्रियल पार्क में जलनिकासी एवं सुरक्षा व्यवस्था होगी सुदृढ़
     गुरारू इंडस्ट्रियल पार्क के समीप सड़क पर नाली का पानी बहने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को कच्चा नाला बनवाने का निर्देश दिया। वहीं, बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के पदाधिकारी को उक्त क्षेत्र में स्थायी समाधान के लिए बड़ा पक्का नाला बनवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
      इसके अतिरिक्त इंडस्ट्रियल पार्क क्षेत्र में उद्यमियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी को नियमित रूप से पुलिस पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया गया, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण बना रहे।

उद्योगों के विस्तार से रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
     जिला पदाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी उद्यमियों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन गया जिले में बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिले में उद्योगों की स्थापना एवं विस्तार के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उद्यमियों द्वारा बताई गई समस्याओं एवं आवश्यकताओं का संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान कराया जाएगा।
      उन्होंने उद्यमियों से अपील की कि वे गया जिले में उद्योग एवं उत्पादन इकाइयां स्थापित करने के लिए आगे आएं। जिला प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
     जिला प्रशासन का उद्देश्य गया जिले को एक सशक्त औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करना है, जिससे स्थानीय स्तर पर निवेश को प्रोत्साहन मिले, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग हो तथा जिले की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सके।