Saturday, 28 November 2026 | 9:06 AM
भारत

पटना: सचिवालय में कार्यरत प्रशाखा पदाधिकारी रिश्वत लेते हुआ गिरफ्तार

Share:
पटना: सचिवालय में कार्यरत प्रशाखा पदाधिकारी रिश्वत लेते हुआ गिरफ्तार


निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम के द्वारा आज  नया सचिवालय स्थित नगर विकास एवं आवास विभाग में कार्यरत प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन को चार हजार रूपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परिवादी श्री के०पी०एम०सी० मुंशी, पिता श्री मुंशी साव, सा० ग्राम पुरानी बाजार, थाना- झाझा, जिला- जमुई द्वारा निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया गया था कि आरोपी (जो श्री राजीव रंजन, प्रशाखा पदाधिकारी, नगर विकास एवं आवास विभाग, जिला-पटना) के द्वारा सेवाकाल में कटौती की गयी राशि एवं अन्य आदेश पत्र निर्गत करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्रष्टया आरोप सही पाये जाने के पश्चात् उपरोक्त कांड अंकित कर अनुसंधानकर्ता श्री मिथिलेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के अनुरोध पर इनके नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त श्री राजीव रंजन, प्रशाखा पदाधिकारी, नगर विकास एवं आवास विभाग, विकास भवन, नया सचिवालय, जिला- पटना, पिता- स्व० अशोक कुमार, ग्राम-बेलोखरा, थाना- पिपरा, जिला- सुपौल को 4,000/- (चार हजार) रूपये रिश्वत लेते हुए आरोपी प्रशाखा पदाधिकारी, नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यालय कक्ष, विकास भवन, नया सचिवालय, जिला- पटना से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के उपरांत माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में उपस्थापित किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना में वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरूद्ध अब तक 138वाँ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है तथा 01 कांड जिला से स्थानांतरित किया गया है। इस प्रकार कुल 139 कांड ब्यूरो के द्वारा अनुसंधानित है।
यह ट्रैप संबंधी 125वां कांड है, जिसमें कांड दर्ज कर अभी तक कुल 125 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है तथा रिश्वत की कुल बरामद राशि 46,94,900/- (छियालीस लाख चौरान्बे हजार नौ सौ) रूपये एवं एक नया वाशिंग मशीन (कीमत 37,000/- रुपये) भी जब्त किया गया है।

पिछले वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किये गये थे एवं रिश्वत की राशि 37,80,300/- रुपये बरामद किये गये थें एवं एक नया वाशिंग मशीन (कीमत 19,800/- रूपये) भी जब्त किया गया था।