Friday, 23 October 2026 | 12:46 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज: शिक्षक एवं स्नातक खण्ड निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत आबकारी दुकानों का किया गया निरीक्षण।*

मतदान दिवस 23 अक्टूबर को जनपद की समस्त मदिरा दुकानों को पूर्णतः बंद रखने के कड़े निर्देश।*
Share:
कासगंज: शिक्षक एवं स्नातक खण्ड निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत आबकारी दुकानों का किया गया निरीक्षण।*
कासगंज:(द दस्तक 24) 22 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक खण्ड एवं स्नातक खण्ड द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान को सकुशल, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत जनपद में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
     इसी क्रम में आज अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मंजूर अहमद एवं जिला आबकारी अधिकारी, कासगंज द्वारा संयुक्त रूप से जनपद की देशी मदिरा, कम्पोजिट शॉप सहित विभिन्न फुटकर आबकारी दुकानों का निरीक्षण किया गया।
      निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता तथा मदिरा की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड आदि की गहनता से जांच की। साथ ही दुकानों के संचालन एवं निर्धारित नियमों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।
       अधिकारियों द्वारा समस्त अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को कड़े निर्देश दिए गए कि मतदान दिवस 23 अक्टूबर 2026 को मदिरा की दुकानों को पूर्णतः बंद रखा जाए। इस संबंध में जारी आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
      उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।