Friday, 23 October 2026 | 12:44 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में स्वदेशी जागरण मंच की बैठक, युवाओं को उद्योग स्थापना के लिए प्रेरित किया

फर्रुखाबाद के सरस्वती विद्या मंदिर श्याम नगर में स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान की संयुक्त कार्यकर्ता बैठक आयोजित हुई। बैठक में हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी जनजागरण और युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया।
Share:
फर्रुखाबाद में स्वदेशी जागरण मंच की बैठक, युवाओं को उद्योग स्थापना के लिए प्रेरित किया
फर्रुखाबाद: 22 अक्टूबर 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर, श्याम नगर, फर्रुखाबाद में स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में दायित्ववान कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रांत संयोजक श्री सुदीप खरे के प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और जिले में उद्यमिता की भावना को मजबूत करना रहा।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रांत संयोजक श्री सुदीप खरे ने स्वदेशी जागरण मंच के माध्यम से ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने और आम नागरिकों को स्वदेशी अपनाने के लिए जागरूक करने की आवश्यकता पर चर्चा की।
कार्यक्रम में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि फर्रुखाबाद जनपद के युवाओं को स्टार्टअप, स्वरोजगार और विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए ‘एक कदम उद्योग की ओर’ अभियान चलाकर युवाओं की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने तथा उन्हें नौकरी पर निर्भर रहने के बजाय उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विभाग संपर्क प्रमुख श्री उमेश गुप्ता उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता श्री उदय पाल सिंह ने की। मातृशक्ति की ओर से प्रांत महिला समन्वयक सुश्री जूली शुक्ला वरिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इस अवसर पर जिला संयोजक श्री शिवओम दुबे, महिला प्रमुख श्रीमती रागिनी त्रिवेदी, जिला महिला समन्वयक श्रीमती भारती मिश्रा, सह-समन्वयक प्रियंका सक्सेना, पर्यावरण प्रमुख गुंजा जैन, डूडा फर्रुखाबाद की सामुदायिक आयोजक जूही शुक्ला, जिला सह-समन्वयक विपिन अवस्थी एडवोकेट, विद्यार्थी प्रमुख अंकुर मिश्रा, प्रांत सह-संयोजक रणवीर चौहान, इटावा विभाग प्रमुख श्री अमरदीप मिश्रा तथा युवा प्रमुख श्री चंद्रेश पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में हर्ष दुबे, रत्नेश मिश्रा, श्वेता, नेहा, पूनम, राधा दुबे, गीता तिवारी, शिल्पी सक्सेना और अंशिका यादव सहित जीवीए ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के विभिन्न छात्र भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक श्री प्रदीप मिश्रा, अखिल भारतीय सदस्य एवं प्रांत पर्यावरण प्रमुख, के सानिध्य में बैठक संपन्न हुई। बैठक में स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार, युवाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने पर बल दिया गया।