गया से द दस्तक 24 प्रतिनिधि उपेन्द्र पथिक द्वारा
गया, 7 अक्टूबर। गहन पुनरीक्षण SIR में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और केंद्र की सरकार के खिलाफ जिला के विभिन्न प्रखंडों में इंडिया गठबंधन का जोरदार प्रदर्शन, हुआ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।
मानपुर से खबर है कि वोट चोरी और लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ बुधवार को मानपुर प्रखंड में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ब्लॉक गेट से मुफस्सिल थाना मोड़ तक विरोध मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में गठबंधन के नेता, कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता शामिल हुए और लोकतंत्र बचाने तथा मताधिकार की रक्षा की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
मार्च के बाद मानपुर प्रखंड ब्लॉक गेट के समीप सभा आयोजित की गई। सभा के उपरांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर वोट चोरी के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मानपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष चंदन कुमार महतो ने की, जबकि सभा का संचालन राष्ट्रीय जनता दल के प्रखंड अध्यक्ष किशोरी यादव ने किया। किशोरी यादव ने इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों को एकजुट होकर लोकतंत्र, संविधान एवं मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वोट जनता की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकत है और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है।
सभा को संबोधित करते हुए चंदन कुमार महतो ने अपने नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी की दूरदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी जी ने सबसे पहले चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और वोट चोरी से जुड़े गंभीर सवालों को देश के सामने उठाया था। उस समय मीडिया के एक बड़े हिस्से ने इन सवालों को अपेक्षित प्रमुखता नहीं दी, लेकिन अब चुनाव आयोग से जुड़े दो अन्य आयुक्तों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के संबंध में सवाल उठाए जाने के बाद राहुल गांधी जी द्वारा उठाए गए सवालों पर फिर से चर्चा शुरू हुई है।
चंदन कुमार महतो ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा के बीच मिलीभगत के कारण देश के लोकतांत्रिक ढांचे को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन लगातार आवाज उठाता रहेगा।
सभा को संबोधित करते हुए कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के प्रखंड सचिव जगनारायण प्रसाद ने वोट चोरी और लोकतंत्र की हत्या के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के मताधिकार की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
वहीं माले पार्टी के प्रखंड सचिव सुदामा प्रसाद दास ने भाजपा सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरते हुए गरीबों और किसानों के साथ हो रहे कथित अत्याचार एवं उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमुख रूप से शंभू शरण सिंह, मोहम्मद आसिर, जितेंद्र यादव, राज कुमार सोती, शमी अख्तर खान,मो ग़ालिब,धर्मेंद्र शर्मा, विद्यानंद ठाकुर, राजेंद्र वर्मा, मोहम्मद आरजू, मोहम्मद शहाबुद्दीन, अजय यादव, राजेश चौधरी, मिथिलेश यादव, शंभू शरण यादव, अजीत वर्मा, श्याम सुंदर यादव एवं बिरजा बरई सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इधर शोषित समाज दल के जिलाध्यक्ष शिशुपाल कुमार कुशवाहा और जिला मंत्री विद्याभूषण कुमार उर्फ सेनापति जी ने भी वोट चोरी को लेकर विज्ञप्ति जारी कर भाजपा सरकार और चुनाव आयोग में अंदरूनी तालमेल का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति से मांग की है कि मोदी सरकार और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त कर दें।
वजीरगंज से खबर है कि गहन पुनरीक्षण (SIR ) में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इंडिया गठबंधन ने प्रखंड कार्यालय से वजीरगंज मोड़ तक भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारा लगाया और प्रदर्शन किया।प्रखंड कार्यालय के समक्ष ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।
पुतला दहन और प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ शशि शेखर सिंह, चंदन कुमार चंद्रवंशी, राजद के दिनेश यादव आदि कर रहे थे।