Wednesday, 18 November 2026 | 12:29 AM
उत्तर प्रदेश

गाजीपुर: वनवासी बस्ती में सृष्टि सेवा ट्रस्ट ने लगाया संगम हेल्थ जांच शिविर, 80 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

Share:
गाजीपुर: वनवासी बस्ती में सृष्टि सेवा ट्रस्ट ने लगाया संगम हेल्थ जांच शिविर, 80 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
गाजीपुर। गोपालपुर खरका स्थित वनवासी समुदाय की बस्ती में सृष्टि सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में संगम हेल्थ जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य वंचित वनवासी समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीडीओ बिरनो खुशबू सोनी रहीं। उन्होंने टीकाकरण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों एवं महिलाओं का समय से टीकाकरण कराना बेहद आवश्यक है। उन्होंने समुदाय के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक रहने और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता समाजसेवी एवं सृष्टि सेवा ट्रस्ट के डायरेक्टर राजकुमार मौर्य रहे।

इस अवसर पर राजकुमार मौर्य ने कहा कि वनवासी समुदाय के विकास में जागरूकता की कमी और शिक्षा का अभाव सबसे बड़ी चुनौतियां हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में यह समुदाय आज भी कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। सृष्टि सेवा ट्रस्ट लगातार प्रयास कर रहा है कि इस समुदाय को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

शिविर में महिला चिकित्सक डॉ. नूरी, एएनएम नीलम, आशा कार्यकर्ता अनीता देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनीता, अजय कुमार तथा डॉ. विनय कांत पांडेय सहित स्वास्थ्य टीम के सदस्यों ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में कुल 80 लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के दौरान सृष्टि सेवा ट्रस्ट की ओर से अतिथियों एवं स्वास्थ्य टीम के सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संस्था के सचिव संतोष गुप्ता, रामदुलार कुशवाहा, शोभा यादव, सोनम राजभर, शैलेन्द्र वनवासी, कुसुम वनवासी एवं शिवांगी मौर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

सृष्टि सेवा ट्रस्ट ने इस पहल के माध्यम से वनवासी समुदाय तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और उन्हें जागरूक एवं सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।