सभी छठ घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, रोशनी, बैरिकेडिंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
गया, 09 नवंबर। छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा पर्व को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, गया श्री शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, गया श्री सुशील कुमार द्वारा संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, पहुंच पथ एवं भीड़ नियंत्रण से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पितामहेश्वर छठ घाट के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने उत्तर मानस तालाब के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुबह के अर्घ्य के दौरान उत्तर मानस तालाब में काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ एकत्रित होती है। इसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। घाट पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया गया।
पितामहेश्वर घाट तक पहुंचने वाले रास्ते में पड़ने वाले नाले पर लगभग 50-50 फीट लंबी मजबूत लोहे की शीट बिछाने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से इस रास्ते को पार कर नदी स्थित छठ घाट तक पहुंच सकें। इसके अतिरिक्त किरानी घाट पर भी बड़े आकार की मजबूत लोहे की शीट लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को गंदे पानी से होकर गुजरने की परेशानी नहीं हो।
पितामहेश्वर घाट पर तीन बड़े वॉच टावर स्थापित करने, पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम उपलब्ध कराने तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि इस घाट पर 50 हजार से अधिक छठ व्रती एवं श्रद्धालु छठ महापर्व मनाने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उसी प्रकार , सूर्यकुंड घाट के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि संध्या अर्घ्य के समय यहां काफी अधिक संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सूर्यकुंड की निर्धारित क्षमता पूरी होने पर अतिरिक्त भीड़ को व्यवस्थित तरीके से फल्गु नदी के घाटों की ओर डायवर्ट किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। घाट पर पर्याप्त चेंजिंग रूम एवं रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ सुरक्षा के दृष्टिकोण से एसडीआरएफ की टीम की प्रतिनियुक्ति करने का भी निर्देश दिया गया।
गयाजी डैम के निरीक्षण के दौरान देवघाट के समीप नदी के पानी की समुचित सफाई कराने का निर्देश दिया गया। नदी में पूर्व से लगाए गए बैरिकेडिंग को और अधिक मजबूत करने तथा घाट पर उपलब्ध चेंजिंग रूम की मरम्मत एवं व्यवस्था दुरुस्त कराने को कहा गया, ताकि श्रद्धालु उसका सुगमतापूर्वक उपयोग कर सकें। इसके अतिरिक्त पूरे घाट पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने एवं छठ महापर्व के पारंपरिक लोकगीतों का लगातार प्रसारण कराने का निर्देश दिया गया।
सीता कुंड पुल के नीचे बने छठ घाट के निरीक्षण के दौरान घाट की बेहतर साफ-सफाई कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
वहीं, मानपुर स्थित सूर्य पोखर घाट के निरीक्षण के दौरान जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने तत्काल जेसीबी लगाकर जलजमाव वाले स्थल की सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही मजबूत बैरिकेडिंग कराने एवं कच्चा नाला बनाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
केंदुई छठ घाट के निरीक्षण के दौरान घाट परिसर में जमा गंदगी की अविलंब सफाई कराने तथा घाट तक पहुंचने वाले रास्ते को समतल कराने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ पर प्रभावी निगरानी के लिए घाट पर वॉच टावर स्थापित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि केंदुई घाट तक पहुंचने के लिए पांच अतिरिक्त वैकल्पिक रास्ते तैयार किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने इन सभी रास्तों का समुचित समतलीकरण कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके साथ ही घाट पर प्रवेश एवं निकास के लिए पर्याप्त साइनेज, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया।
पॉलिटेक्निक छठ घाट के निरीक्षण के दौरान घाट परिसर में उगी झाड़ियों की सफाई कराने तथा जमा गंदे पानी की समुचित सफाई एवं निकासी सुनिश्चित कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व को देखते हुए सभी घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम एवं आवागमन से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराई जाएं। श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी घाटों पर भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी छठ घाटों पर छठ पर्व का लोकगीत बजवाया जाए।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, गया नगर निगम, सहायक समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
स्मरणीय है कि छठ महापर्व बिहार का और खासकर मगध क्षेत्र का खास त्यौहार है जिसमें बहुतेरी महिलाएं साफ सुथरा रहकर त्यौहार मनाती हैं।दूर देश में रहकर जो नौकरी करते हैं वे भी इस अवसर पर अपना घर अवश्य आते हैं।