Thursday, 17 September 2026 | 8:01 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर जिले में दिनभर हुए विविध कार्यक्रम, 2.50 लाख दीपों से जगमगाया जनपद

फर्रुखाबाद में 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वच्छता अभियान, वृहद रक्तदान शिविर, फल वितरण, दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण, विश्वकर्मा टूलकिट एवं ऋण स्वीकृति पत्र वितरण तथा गंगा आरती और दीपोत्सव सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद में लगभग 2.50 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
Share:
फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर जिले में दिनभर हुए विविध कार्यक्रम, 2.50 लाख दीपों से जगमगाया जनपद
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 17 सितंबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को फर्रुखाबाद जनपद में सुबह से शाम तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर सहित जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

शासन के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को “विकसित भारत 2047” के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।

पांचाल घाट और स्टेडियम में चला स्वच्छता अभियान

सुबह 7 बजे पांचाल घाट एवं स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में वृहद स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वयं सफाई अभियान में प्रतिभाग कर स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई रखने की अपील की।

लोहिया अस्पताल में रक्तदान शिविर और फल वितरण

पूर्वाह्न 11 बजे डॉ. राममनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय में वृहद रक्तदान शिविर एवं मरीजों को फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रक्तदान शिविर में प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर में एकत्र रक्त का उपयोग जिला अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता वाली प्रसूताओं के उपचार में किया जाएगा। इस दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को फल एवं मिष्ठान भी वितरित किया गया।

273 दिव्यांग लाभार्थियों को मिले 537 सहायक उपकरण

अपराह्न 1 बजे राजकीय संकेत विद्यालय फतेहगढ़ में निःशुल्क दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एलिम्को के सहयोग से जिले के 273 दिव्यांग लाभार्थियों को करीब 58 लाख रुपये की लागत के 537 सहायक यंत्र एवं उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए।

वितरित उपकरणों में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, कान की मशीन, रोलेटर, सुगम्य केन, फोल्डर वॉकर, सिलिकॉन कुशन, कृत्रिम अंग एवं कैलीपर, टीएलएम किट और कमोड कुर्सी सहित अन्य उपकरण शामिल रहे।

कार्यक्रम में लाभार्थियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 का शुभारंभ

अपराह्न 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के पोर्टल शुभारंभ, टूलकिट एवं ऋण स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से कारीगरों, युवाओं एवं उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ने की जानकारी दी गई।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना में पारंपरिक एवं आधुनिक सहित कुल 25 ट्रेड शामिल हैं। पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 15 हजार रुपये तक की उन्नत टूलकिट तथा अधिकतम 10 दिन तक निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण देने का प्रावधान है। प्रशिक्षण में नई तकनीक, उत्पाद विकास, डिजाइन और मार्केटिंग की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के 5 लाभार्थियों को चेक तथा 13 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

पांचाल घाट पर 5 हजार और स्टेडियम में 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित

शाम 6:30 बजे आशीर्वाद का दीया थीम पर पांचाल घाट पर गंगा आरती एवं दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ। पांचाल घाट पर 5 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके बाद स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में 21 हजार दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया।

सरकारी भवनों और शिक्षण संस्थानों में जले आशीर्वाद के दीप

शाम 7 बजे जनपद के सरकारी कार्यालयों, भवनों, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक केंद्रों पर आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित किया गया। जिला प्रशासन एवं पार्टी प्रतिनिधियों के समन्वय से जनपद में एक ही दिन में लगभग 2 लाख 50 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।