Tuesday, 27 October 2026 | 4:27 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के 3 दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ, डीएम ने दिए शुद्ध एवं समयबद्ध गणना के निर्देश

फर्रुखाबाद में डीएम डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। कार्मिकों को शुद्ध, पारदर्शी और समयबद्ध गणना के निर्देश दिए गए।
Share:
फर्रुखाबाद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के 3 दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ, डीएम ने दिए शुद्ध एवं समयबद्ध गणना के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण “जनसंख्या गणना (Population Enumeration)” के अंतर्गत शिक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, फर्रुखाबाद में शुरू हुआ।

प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है। इसके माध्यम से देश एवं जनपद की जनसंख्या से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए जाते हैं, जिनका उपयोग भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण में किया जाता है।

उन्होंने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में जनपद के संबंधित कार्मिकों द्वारा सराहनीय कार्य किया गया है। इसी जिम्मेदारी और कार्यकुशलता के साथ द्वितीय चरण का कार्य भी पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कार्मिकों को आंकड़ों के संग्रहण, उनकी शुद्धता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डिजिटल फीडिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि प्रत्येक कार्मिक यह सुनिश्चित करे कि निर्धारित प्रपत्रों में सूचनाओं का संकलन सावधानीपूर्वक एवं त्रुटिरहित ढंग से किया जाए। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी कार्मिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने स्व-गणना (Self Enumeration) के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाएगा। अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ने के निर्देश दिए गए, ताकि आगामी जनसंख्या गणना को सुगम बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रियाओं, दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझने तथा किसी भी शंका का समाधान प्रशिक्षकों से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य राष्ट्रीय महत्व से जुड़ा है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता, निष्पक्षता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्य पूर्ण किया जाए।

जनगणना प्रभारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

द्वितीय चरण की प्रमुख समय-सारिणी:

गणना ब्लॉकों का गठन एवं अंतिम रूप देना—20 सितंबर 2026 तक

जनपद/चार्ज स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण—15 एवं 16 सितंबर 2026

फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण—10 अक्टूबर 2026 तक

गणना ब्लॉकों का आवंटन—31 अक्टूबर 2026 तक

प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण—7 नवंबर 2026 तक

विद्यालयों एवं संस्थानों की सहभागिता—7 नवंबर 2026 तक

स्व-गणना—16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक

जनसंख्या गणना—1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक

जनगणना की संदर्भ तिथि—5 जनवरी 2027, रात्रि 12 बजे

पुनरीक्षण कार्य—5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक

कार्यक्रम में तहसीलदार सदर विक्रम सिंह, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य राजीव सिंह, जनगणना प्रभारी पारखी भार्गव सहित संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

554049