Monday, 16 November 2026 | 5:43 AM
उत्तर प्रदेश

पीलीभीत: बाल दिवस पर राष्ट्रपति भवन से मिला हैप्पी ब्लू बर्ड स्कूल को विशेष निमंत्रण, राष्ट्रपति से मिले विद्यार्थी व शिक्षक।

Share:
पीलीभीत: बाल दिवस पर राष्ट्रपति भवन से मिला हैप्पी ब्लू बर्ड स्कूल को विशेष निमंत्रण, राष्ट्रपति से मिले विद्यार्थी व शिक्षक।
बिलसंडा/पीलीभीत:बाल दिवस के विशेष अवसर पर हैप्पी ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल बिलसंडा,पीलीभीत के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली उपलब्धि सामने आई है। विद्यालय को देश की राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत की माननीय राष्ट्रपति महोदया की ओर से आमंत्रण प्राप्त हुआ। यह विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे बरेली मंडल के लिए गर्व और सम्मान का विषय बन गया है।
     इस विशेष उपलब्धि की सबसे बड़ी बात यह रही कि बरेली मंडल से हैप्पी ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल बिलसंडा पीलीभीत को विशेष रूप से चुना गया। देशभर के कुछ चुनिंदा विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ही इस गौरवशाली कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्रदान किया गया था।
     राष्ट्रपति भवन दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राएं आन्या वर्मा एवं गौरांगी शुक्ला तथा छात्र कुशाग्र गुप्ता एवं मयंक राजपूत ने प्रतिभाग किया। उनके साथ विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. गौरव शुक्ला एवं शिक्षक वैभव अवस्थी भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति भवन पहुंचकर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने जीवन की अनमोल स्मृति के रूप में संजोया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय राष्ट्रपति महोदया के आगमन के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के माध्यम से कार्यक्रम को गरिमामय शुरुआत दी गई। राष्ट्रपति महोदया ने उपस्थित सभी बच्चों एवं शिक्षकों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों से मुलाकात करते हुए कहा कि उन्हें बच्चों से मिलना और उनसे बातचीत करना बेहद अच्छा लगता है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा और उनके सपनों को लेकर भी प्रेरणादायक बातें साझा कीं।

 

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति महोदया द्वारा उपस्थित बच्चों एवं शिक्षकों को विभिन्न प्रकार के उपहार भी प्रदान किए गए। राष्ट्रपति भवन में देश की प्रथम नागरिक से मिलने का अवसर पाकर विद्यार्थी बेहद उत्साहित और गौरवान्वित नजर आए।

 

विद्यालय के प्रबंधक विक्रम नरेश जायसवाल एवं प्रधानाचार्य कुलबीर सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों का अभिनंदन किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

 

विद्यालय प्रबंधक ने कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। राष्ट्रपति भवन से प्राप्त निमंत्रण विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों की प्रतिभा को मिली एक विशेष पहचान है।

 

बरेली मंडल में हैप्पी ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल बिलसंडा,पीलीभीत को मिला यह विशेष अवसर विद्यालय के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। राष्ट्रपति भवन की इस गौरवशाली यात्रा ने विद्यार्थियों के मन में नए सपने, नई ऊर्जा और देश के लिए कुछ बेहतर करने का संकल्प पैदा किया है