एटा। शहर के जेएलएन डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर राम सिंह और प्रोफेसर पुष्पेंद्र को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ शिक्षक संघ (रम्पुटा) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। डॉ. राम सिंह संयुक्त सचिव (एटा, कासगंज व हाथरस जनपदों के लिए आरक्षित) पद पर निर्वाचित हुए हैं, जबकि डॉ. पुष्पेंद्र को निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य चुना गया है।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ शिक्षक संघ (रम्पुटा) के नौ पदों के लिए शनिवार को धर्म समाज महाविद्यालय, अलीगढ़ में चुनाव हुआ। चुनाव में 381 मतदाताओं में से 364 शिक्षकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। देर शाम घोषित चुनाव परिणाम में प्रो. ओमवीर सिंह अध्यक्ष और डॉ. विशाल यादव महामंत्री निर्वाचित हुए।
अन्य पदों पर डॉ. रामकृष्ण पांडेय उपाध्यक्ष, प्रो. शालिनी चौधरी उपाध्यक्ष (महिला), डॉ. देव प्रकाश उपाध्यक्ष (एटा, कासगंज व हाथरस जनपदों के लिए आरक्षित), डॉ. डी.के. सिंह कोषाध्यक्ष तथा डॉ. रोहित मांगलिक संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। संयुक्त सचिव (महिला) पद पर डॉ. शशि कुमारी ने जीत दर्ज की।

संयुक्त सचिव (एटा, कासगंज व हाथरस जनपदों के लिए आरक्षित) पद पर जेएलएन डिग्री कॉलेज के डॉ. राम सिंह ने जीत दर्ज की। वहीं, डॉ. पुष्पेंद्र को निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. रामअवध सिंह यादव एटा, कासगंज व हाथरस जनपदों के लिए आरक्षित उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी थे। चुनाव परिणाम में उन्हें 115 मत प्राप्त हुए, हालांकि वे निर्वाचित नहीं हो सके।
