Thursday, 19 November 2026 | 11:45 AM
उत्तर प्रदेश

पीलीभीत: पीलीभीत के 19 निरीक्षकों का गैर जनपद तबादला,नये निरीक्षकों की होगी तैनाती।

Share:
पीलीभीत: पीलीभीत के 19 निरीक्षकों का गैर जनपद तबादला,नये निरीक्षकों की होगी तैनाती।
पीलीभीत:विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पीलीभीत के पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। बरेली परिक्षेत्र के डीआईजी मुनिराज जी. ने जिले में तैनात 19 निरीक्षकों का गैरजनपद तबादला किया है। इनमें बीसलपुर के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला भी शामिल हैं। उन्हें बरेली भेजा गया है।

स्थानांतरण आदेश के मुताबिक, पीलीभीत से सबसे अधिक 12 निरीक्षकों को बरेली भेजा गया है। पांच निरीक्षकों का तबादला बदायूं और दो का शाहजहांपुर किया गया है। वहीं, बरेली से 10 और बदायूं से सात निरीक्षकों को पीलीभीत भेजा गया है। शाहजहांपुर से भी निरीक्षकों का तबादला पीलीभीत किया गया है।

बरेली परिक्षेत्र के चारों जिलों में यह फेरबदल किया गया है। चुनावी तैयारियों के तहत एक ही जिले में तीन साल की निर्धारित अवधि पूरी कर चुके निरीक्षकों का कार्यक्षेत्र बदला गया है। बदायूं से 26 और शाहजहांपुर से 22 निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं।

बीसलपुर कोतवाली के नए प्रभारी पर नजर

स्थानांतरित निरीक्षकों को जल्द कार्यमुक्त कर नए जिलों में आमद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। बीसलपुर के प्रभारी निरीक्षक का तबादला होने के बाद अब कोतवाली की जिम्मेदारी किसे मिलेगी, इस पर नजर है। बाहर से आने वाले निरीक्षकों की आमद के बाद पुलिस अधीक्षक स्तर से जिले में नई थाना तैनाती के आदेश जारी होने की उम्मीद है।