लखीमपुर खीरी: मितौली के ग्राम अकबरपुर में आयोजित 'घुमंतू गौरव समागम' कार्यक्रम में गुरुवार को मुख्य अतिथि एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि यह कार्यक्रम न तो चुनाव के लिए है और न ही वोट के लिए, ये सिर्फ अपने अधिकार मांगने के लिए है। डबल इंजन की सरकार हर घुमंतू परिवार को आवास और जाति प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराएगी।
मुख्य अतिथि असीम अरुण ने कहा कि "घुमंतू विकास बोर्ड" के बाद अब "घुमंतू विकास मिशन" शुरू किया जाएगा। मिशन समाज के लोगों के लिए आधार, आय प्रमाणपत्र आदि जरूरी दस्तावेज तैयार करवाने में सहायता करेगा। उन्होंने कहा कि घुमंतू समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। पहले मुगलों से उसके बाद अंग्रेजों के दमन के खिलाफ हमारे पूर्वजों ने हथियार उठाया। मुख्य अतिथि ने कहा कि "विमुक्त जातियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार की योजनाओं का सीधा लाभ डबल इंजन की सरकार पहुंचा रही है। सरकार समुदाय को भूमि आवंटन और पट्टा वितरण के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना के जरिए पक्के मकान दे रही हैं।
शिक्षा को समाज के बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों को निःशुल्क शिक्षा के साथ कक्षा छह से 12 तक आवासीय विद्यालयों की सुविधा उपलब्ध करा रही है। उच्च शिक्षा और प्रोफेशनल कोर्सों में भी युवाओं के लिए बेहतर अवसर सृजित किए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली युवा की प्रगति में बाधा न बनें।
मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक युवा ही मजबूत समाज एवं विकसित प्रदेश की पहचान हैं। उन्होंने समाज के लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने, बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और आपसी एकता बनाए रखते हुए विकास की यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।
*घुमंतू समाज के उत्थान और सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : सौरभ सिंह सोनू*
विधायक सौरभ सिंह सोनू ने घुमंतू समाज के साहस और जीवटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह समाज अदम्य साहस और हिम्मत का परिचायक है। पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के नेतृत्व में घुमंतू समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घुमंतू समाज की बस्तियों तक सड़क, बिजली, पानी, शौचालय और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। समाज के युवाओं को शिक्षित होकर आगे बढ़ने और मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया। सरकार वंचित वर्गों के उत्थान और सम्मान के लिए काम कर रही है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद जुगुल किशोर, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेन्द्र सिंह सहित घुमंतू समाज के प्रबुद्ध लोगों ने अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने आभार ज्ञापित किया।
*घुमंतू समाज के पात्र परिवारों को मिला सरकारी योजनाओं का संबल, नौनिहालों का भी हुआ संस्कार*
कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने विधायक सौरभ सिंह सोनू एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर के साथ घुमंतू समाज के पात्र लाभार्थियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान कर उन्हें पक्की छत का संबल दिया। इस अवसर पर मातृ एवं शिशु कल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई तथा छह माह के शिशुओं को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
इस मौके पर पूर्व सांसद जुगुल किशोर, भाजपा ज़िलाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेन्द्र सिंह, डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग, भाजपा जिला मंत्री अमित सिंह, मंडल अध्यक्ष (बेहजन) अजय शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष (गन्ना समिति) बृजेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष (अनुसूचित जाति मोर्चा) अवधेश भार्गव, जिला उपाध्यक्ष (युवा मोर्चा) विकास शुक्ला, जिला अध्यक्ष (अनुसूचित जाति मोर्चा) प्रमोद चौधरी जी उपस्थित रहे।