लखीमपुर: पं० दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कालेज में शनिवार को बाल दिवस हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय गौरव दिवस (जनजातीय गौरव दिवस) भी मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सुजीता कुमारी सदस्य राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश ने सहभागिता की। मुख्य अतिथि ने माँ सरस्वती, प० जवाहरलाल नेहरू एवं बिरसा मुंडा जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि ने विद्यालय में संचालित संस्कारमय शिक्षा एवं विद्यार्थियों में विकसित किए जा रहे नैतिक मूल्यों की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास, शिक्षा, संस्कार एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करना हम सभी का दायित्व है।
बाल मेले में भैया-बहनों द्वारा विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। स्टालों में खान-पान सहित अन्य स्टॉल विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, व्यवहार कुशलता, आत्मविश्वास एवं उद्यमशीलता का परिचय देते हुए मेले में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने मेले का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय गौरव दिवस भी मनाया गया। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, त्याग एवं राष्ट्र तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए योगदान का स्मरण किया गया एवं उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक समरसता की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रथम सहायक श्री राजेन्द्र प्रसाद ओझा जी ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बाल मेला एवं राष्ट्रीय गौरव दिवस के आयोजन से विद्यालय परिसर में उत्सव, उल्लास एवं राष्ट्रगौरव का वातावरण बना रहा।