Tuesday, 03 November 2026 | 11:09 PM
भारत

गया: बोधगया में सौ करोड़ खर्च के बाद भी सीवरेज योजना अधूरी, नहीं मिल रहा नागरिकों को लाभ

Share:
गया: बोधगया में सौ करोड़ खर्च के बाद भी सीवरेज योजना अधूरी, नहीं मिल रहा  नागरिकों को लाभ
 अंतरराष्ट्रीय ज्ञानस्थली एवं विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी बोधगया में सीवरेज व्यवस्था की हालत पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बोधगया के 19 वार्डों में सीवरेज योजना का निर्माण कार्य करीब 14 वर्ष पहले शुरू किया गया था, लेकिन आज तक यह महत्वाकांक्षी योजना धरातल पर पूरी तरह उतर नहीं पाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वार्डों में सीवरेज का निर्माण कार्य आधा-अधूरा छोड़ दिया गया है। न तो घर-घर तक सीवरेज कनेक्शन पहुंचा है और न ही आम जनता को इसका कोई लाभ मिल रहा है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद योजना बंद पड़ी है।

पूर्व वार्ड पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, खर्च की गई राशि और योजना की वर्तमान स्थिति की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण में लापरवाही, अनियमितता या सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

बोधगया की पहचान देश-विदेश में है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देशी, विदेशी पर्यटक, श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक आते-जाते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल पर आधुनिक सीवरेज व्यवस्था का सुचारू रूप से संचालन होना बेहद जरूरी है।
. 19 वार्डों में सीवरेज योजना की उच्चस्तरीय जांच कराने,. लगभग 100 करोड़ रुपये की योजना में खर्च राशि का हिसाब सार्वजनिक करने, अधूरे निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराने, घर-घर सीवरेज कनेक्शन उपलब्ध कराने और सीवरेज प्लांट एवं पूरी व्यवस्था को चालू कर जनता को लाभ दिलाने की मांग स्थानीय नागरिकों ने की है।