Friday, 13 November 2026 | 5:53 AM
भारत

गया: छठ को लेकर शेरघाटी में फलों से गुलजार हुई शेरघाटी की अंतरराज्यीय मंडी, आवक में 20 प्रतिशत तक कमी

Share:
गया: छठ को लेकर शेरघाटी में फलों से गुलजार हुई शेरघाटी की अंतरराज्यीय मंडी, आवक में 20 प्रतिशत तक कमी
–मलमास के कारण नए व्रतियों की संख्या में नहीं हुई बढ़ोतरी, सामान्य बने हुए हैं फलों के भाव

: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शेरघाटी की अंतरराज्यीय फल मंडी सज-धजकर तैयार है। थोक मंडी में गुरुवार से ही फलों की खरीद-बिक्री शुरू हो गई है। छठ पर्व को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ने लगी है। हालांकि, इस वर्ष पिछले साल की तुलना में फलों की आवक कम है। कारोबारियों ने मांग का आकलन करते हुए पहले से ही सीमित मात्रा में फलों का भंडारण किया है। फिलहाल फलों की कीमतें सामान्य बनी हुई हैं, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

फल व्यवसायी चंद्रदेव प्रसाद ने बताया कि पिछले वर्षों में छठ पर्व के दौरान नए व्रतियों की संख्या में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होती थी। इस कारण फलों की मांग भी बढ़ जाती थी। लेकिन इस वर्ष मलमास के कारण नए व्रतियों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। इसी को देखते हुए कारोबारियों ने पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 प्रतिशत कम फल मंगाए हैं। उन्होंने बताया कि बाजार में फिलहाल फलों की उपलब्धता और कीमत सामान्य है।

मंडी में वर्तमान दर के अनुसार सामान्य केले की एक कांधी 150 से 200 रुपये में बिक रही है। वहीं, सेब का चार किलो का पैकेट 200 से 300 रुपये तथा 10 किलो का पैकेट करीब 500 रुपये में उपलब्ध है। कारोबारियों का कहना है कि जैसे-जैसे छठ पर्व नजदीक आएगा, वैसे-वैसे खुदरा बाजार में खरीदारी तेज होगी।

फल कारोबारी मोहम्मद जहांगीर ने बताया कि इस बार मंडी में फलों की आवक अपेक्षाकृत कम हुई है। हालांकि, गुरुवार से कारोबार शुरू हो गया है। शुक्रवार को लगने वाले मुख्य बाजार से बिक्री की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उसी के आधार पर मांग और आपूर्ति का आकलन किया जाएगा।

कई जिलों और प्रखंडों तक होती है फल की आपूर्ति

शेरघाटी की फल मंडी का कारोबार केवल स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं है। यहां से एनएच-19 के रास्ते औरंगाबाद जिले के मदनपुर के अलावा झारखंड के हंटरगंज और चतरा तक थोक में फलों की आपूर्ति होती है। इसके अतिरिक्त डुमरिया, इमामगंज, रानीगंज, कोठी, बांकेबाजार, डोभी, गुरुआ और सगाही सहित आसपास के प्रखंडों के खुदरा कारोबारी भी यहीं से फल खरीदकर अपने-अपने बाजारों में ले जाते हैं। स्थानीय स्तर पर भी खुदरा फल मंडी सजने लगी है। ऐसे में छठ पर्व के दौरान शेरघाटी की यह मंडी आसपास के कई इलाकों में फलों की आपूर्ति का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।