Tuesday, 03 November 2026 | 11:06 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मिली निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सौगात, जिले में 1.65 लाख परिवारों को लाभ

दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत फर्रुखाबाद के 1,65,786 लाभार्थियों के बैंक खातों में राज्य सरकार ने ₹10.58 करोड़ से अधिक की गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी अंतरित की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
Share:
फर्रुखाबाद:दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मिली निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सौगात, जिले में 1.65 लाख परिवारों को लाभ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 03 नवंबर 2026 दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सौगात दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन, लखनऊ से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण फर्रुखाबाद के कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में किया गया। इस दौरान भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर की गरिमामयी उपस्थिति में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

614463

जिला पूर्ति अधिकारी अनिल यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत वर्ष 2016 में गरीब एवं वंचित परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। योजना के तहत पात्र परिवारों को घरेलू गैस कनेक्शन के साथ गैस सिलेंडर, चूल्हा, रेगुलेटर एवं पाइप की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से अब तक जनपद फर्रुखाबाद में कुल 1,65,786 परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के 96,947, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के 19,813 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के 49,026 लाभार्थी शामिल हैं।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए प्रथम चरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 तथा द्वितीय चरण जनवरी से मार्च 2027 तक निर्धारित किया गया है। दीपावली के अवसर पर प्रथम चरण के तहत एक निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ दिया जा रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल का उपभोक्ता मूल्य ₹965 है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से ₹323.24 तथा राज्य सरकार की ओर से ₹641.76 की सब्सिडी अनुमन्य है। इस प्रकार पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिल की पूरी धनराशि सब्सिडी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।

आज के कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद फर्रुखाबाद के 1,65,786 उज्ज्वला लाभार्थियों के बैंक खातों में राज्य सरकार द्वारा कुल ₹10,58,90,400, यानी 10 करोड़ 58 लाख 90 हजार 400 रुपये, की सब्सिडी अंतरित की जा रही है। इससे पात्र परिवारों को दीपावली के अवसर पर निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर सहित अन्य अतिथियों ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक स्वच्छ रसोई ईंधन पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। त्योहार के अवसर पर निःशुल्क सिलेंडर रिफिल मिलने से लाभार्थी परिवारों को आर्थिक राहत भी प्राप्त होगी।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी अनिल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।