Tuesday, 22 September 2026 | 8:54 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:बरसात-बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों का चिन्हांकन कर शासन को कार्ययोजना भेजें अधिकारी: डीएम अंकुर लाठर

फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बरसात एवं बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण, प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन और मरम्मत के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार कर शासन को समय से भेजने के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:बरसात-बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों का चिन्हांकन कर शासन को कार्ययोजना भेजें अधिकारी: डीएम अंकुर लाठर
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 21 सितंबर 2026 बरसात एवं बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत और जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, मंडी परिषद, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग के अंतर्गत आने वाली सड़कों की वर्तमान स्थिति की जानकारी जिलाधिकारी को दी।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात एवं बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर उनका प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही चिन्हित सड़कों की क्षति का आकलन करते हुए मरम्मत एवं गड्ढामुक्त किए जाने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार कर शासन को समय से प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने कहा कि शासन से बजट आवंटित होते ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए और निर्धारित समयावधि में पूरा कराया जाए। सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के साथ ही कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत से संबंधित कार्यवाही में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन को आवश्यक प्रस्ताव एवं कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।