Wednesday, 07 October 2026 | 3:44 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के सिद्धांतों पर चलें किसान- अजय कटियार

भारतीय किसान यूनियन टिकैत के फर्रुखाबाद जिला कार्यालय पर किसान नेता बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती हवन-पूजन और भंडारे के साथ मनाई गई। इस दौरान संगठन ने किसानों की समस्याओं से जुड़ा नौ सूत्रीय मांग पत्र तहसीलदार सदर विक्रम सिंह चाहर को सौंपा।
Share:
फर्रुखाबाद:बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के सिद्धांतों पर चलें किसान- अजय कटियार
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 06 अक्टूबर 2026 भारतीय किसान यूनियन टिकैत के फर्रुखाबाद जिला कार्यालय पर रविवार को किसान नेता एवं किसानों के मसीहा बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती हवन-पूजन के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में संगठन से जुड़े किसानों ने हवन में आहुतियां दीं और बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत की ओर से जिलाधिकारी के नाम नौ सूत्रीय मांग पत्र तहसीलदार सदर फर्रुखाबाद विक्रम सिंह चाहर को सौंपा गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है, लेकिन किसानों को उनकी लागत के अनुरूप भी मूल्य नहीं मिल पा रहा है। सरकारों ने किसानों की आय दोगुनी करने का भरोसा दिया था, लेकिन किसानों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने किसानों से बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।

अजय कटियार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-730सी पर चिह्नित ब्लैक स्पॉटों पर यातायात विभाग द्वारा प्रतिदिन बड़ी संख्या में चालान किए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पहले ब्लैक स्पॉट पर मानक के अनुरूप संकेतक एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी कराई जाएं तथा किसानों और आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके बाद ही चालान की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने एशिया की बड़ी आलू मंडियों में शामिल सातनपुर आलू मंडी में किसानों और आढ़तियों की सुविधा के लिए राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने की मांग की। साथ ही आलू का सीजन शुरू होने से पहले मंडी में पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था कराने तथा ‘अंगोछे के अंदर सौदा’ किए जाने की व्यवस्था पर रोक लगाने की मांग उठाई।

प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि जनपद में नमस्ते इंडिया दूध डेयरी के गांव-गांव संचालित दूध संग्रह केंद्रों पर दूध तौलने वाले उपकरणों का बांट-माप विभाग से सत्यापन कराया जाना अनिवार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों के साथ होने वाली धोखाधड़ी को रोका जा सकेगा और किसानों के मांगने पर सत्यापन से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

कार्यक्रम में कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी सहित कई वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं पर विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छविनाथ शाक्य ने की, जबकि संचालन गोपी शाक्य ने किया।

इस अवसर पर कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, संजीव सोमवंशी, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, जिला सचिव सुशील दीक्षित बाबा जी, बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, पुजारी कटियार, राजेश गंगवार, गुड्डू यादव, दिनेश सिंह, कश्मीर गंगवार, रामनरेश यादव, अनीस सिंह, सोनू सोमवंशी, अंकेश गंगवार, बबलू खटीक, शिवराम शाक्य, टिंकू यादव, दीपक राठौर, अजीत सोमवंशी, अनेंद्र गंगवार, प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।