फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 26 नवंबर 2026 आवास विकास स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में गुरुवार को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजीव कठेरिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गरीब, वंचित, दलित, पिछड़े एवं बहुजन समाज को न्याय, समानता और अधिकार दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक देश में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन डॉ. अंबेडकर को वह सम्मान नहीं दिया गया जिसके वे हकदार थे। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने डॉ. अंबेडकर के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया है।
फतेहचंद वर्मा ने कहा कि संविधान गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति नागरिकों को जागरूक करना है। साथ ही लोगों को उनके मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे संविधान की प्रतियां लेकर राजनीतिक प्रदर्शन करते हैं, लेकिन सत्ता में रहते हुए संवैधानिक मूल्यों का पालन नहीं करते।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और संविधान की गरिमा को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दो प्रधानमंत्रियों को भारत रत्न दिया गया, जबकि डॉ. अंबेडकर को यह सम्मान बाद में भाजपा समर्थित सरकार के कार्यकाल में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष अमित कठेरिया, सत्यपाल सिंह लोधी, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, कृष्ण मुरारी राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।