गोला गोकर्णनाथ जिला लखीमपुर खीरी का 125वां भव्य वार्षिकोत्सव 26 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक बड़े ही हर्षोल्लास के साथ खुटार रोड स्थित आर्य समाज मंदिर में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें आर्य जगत के उच्च कोटि के विद्वान मनीषी एवं विचारक पधार रहे हैं।
आर्य समाज का वार्षिक उत्सव महर्षि दयानंद सरस्वती जी द्वारा स्थापित वेदों के प्रचार-प्रसार, सामाजिक सुधार और आत्मिक शुद्धि के लिए हर साल देश और दुनिया भर की स्थानीय आर्य समाज संस्थाओं द्वारा मनाया जाने वाला एक प्रमुख सांस्कृतिक व आध्यात्मिक कार्यक्रम है।
महर्षि दयानंद सरस्वती जी ने वेदों के सत्य ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया और समाज को अंधविश्वास आज्ञा भेदभाव तथा कुरीतियों से मुक्त होने का संदेश दिया। वार्षिकोत्सव में महर्षि दयानन्द का भारत की स्वतंत्रता आन्दोलन में योगदान, वैदिक धर्म तथा संस्कृति रक्षा में योगदान, समाज सुधार, कुरीति व पाखण्ड तथा अन्धविश्वास निवारण आन्दोलन तथा आध्यात्मिक जागरण हेतु चलाए गए आन्दोलन आदि पर प्रकाश डाला जाएगा।
वार्षिकोत्स कार्यक्रम का शुभारंभ 26 सितंबर 2026 दिन शनिवार को प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण के साथ किया जाएगा एवं 28 सितंबर 2026 दिन सोमवार को यज्ञ, उपदेश व भजनोपदेश सहित शान्तिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
इस अवसर पर आर्य जगत के उच्च कोटि के विद्वान श्री शिव कुमार शास्त्री-महोपदेशक (सहारनपुर), श्री भानु प्रकाश शास्त्री-भजनोपदेशक (बरेली), सन्त कुमार आर्य-भजनोपदेशक (शाहजहांपुर) के द्वारा मार्ग दर्शन किया जाएगा। अतः आप सभी से अनुरोध है कि इस अवसर पर सपरिवार व इष्ट मित्रों सहित पधार कर उत्सव की शोभा बढ़ाए एवं अपने जीवन को सफल बनाए।