Saturday, 24 October 2026 | 2:06 PM
भारत

अरवल: युवा महोत्सव 2026 की तैयारी जोरों पर,जिला प्रशासन ने युवाओं से बढ़ चढ़ कर तैयारी की अपील की

Share:
अरवल: युवा महोत्सव 2026 की तैयारी जोरों पर,जिला प्रशासन ने  युवाओं से बढ़ चढ़ कर तैयारी की अपील की
अरवल की जिला पदाधिकारी अमृशॉ बैंस


जिला प्रशासन, अरवल द्वारा जिले की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से दिनांक 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा।
इस बाबत जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में युवा महोत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन तथा जिले के अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं।

इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छिपी युवा प्रतिभाओं की पहचान करना, उन्हें उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना तथा कला, संस्कृति एवं साहित्य के प्रति युवाओं की रुचि को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता का अवसर भी प्राप्त हो सकेगा।

युवा महोत्सव में आयोजित होने वाली प्रमुख प्रतियोगिताएँ

जिला स्तरीय युवा महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं कलात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, चित्रकला प्रतियोगिता, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक शामिल हैं।

इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता, सांस्कृतिक विरासत, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा कर सकेंगे सहभागिता

युवा महोत्सव 2026 में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। जिला प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों, शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को महोत्सव में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि जिले के अधिकाधिक युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो सके।

MyYuva प्लेटफॉर्म एवं स्थानीय पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से होगा पंजीकरण

युवा महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी MyYuva प्लेटफॉर्म एवं स्थानीय पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे। जिला प्रशासन द्वारा युवाओं से अपील की गई है कि वे अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप प्रतियोगिताओं में सहभागिता सुनिश्चित करें।

03 से 05 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है राज्य स्तरीय युवा उत्सव

जिला स्तरीय युवा महोत्सव के उपरांत दिनांक 03 से 05 दिसंबर 2026 तक राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन प्रस्तावित है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को निर्धारित नियमों एवं चयन प्रक्रिया के अनुसार राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो सकेगा।

जिला पदाधिकारी की अपील — युवा महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें जिले के युवा

जिला पदाधिकारी श्रीमती अमृषा बैंस ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे युवा महोत्सव 2026 में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा अपनी कला, संस्कृति, रचनात्मकता एवं प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।

उन्होंने कहा कि युवा किसी भी समाज एवं राष्ट्र की महत्वपूर्ण शक्ति होते हैं। युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच एवं प्रोत्साहन मिलने से उनकी क्षमताओं का विकास होता है तथा वे समाज एवं राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर प्राप्त हो तथा वे अपनी प्रतिभा के बल पर जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकें।

जिला प्रशासन, अरवल सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील करता है कि वे युवा महोत्सव 2026 में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाएं तथा अपनी कला एवं प्रतिभा से अरवल जिले का नाम गौरवान्वित करें।