Thursday, 26 November 2026 | 11:26 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में गंगा प्रदूषण रोकने की पहल, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने किया नालों और 17 एमएलडी एसटीपी का निरीक्षण

फर्रुखाबाद में गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। सोता बहादुरपुर में नालों के पानी को गंगा में जाने से रोकने के लिए फिल्टर चैंबर बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही 17 एमएलडी एसटीपी की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया गया।
Share:
फर्रुखाबाद में गंगा प्रदूषण रोकने की पहल, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने किया नालों और 17 एमएलडी एसटीपी का निरीक्षण
फर्रुखाबाद। गंगा नदी को स्वच्छ, अविरल और निर्मल बनाए रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली की टीम ने 13 नवंबर 2026 को जनपद फर्रुखाबाद का दौरा किया। टीम ने गंगा नदी में सीधे गिरने वाले नालों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रदूषित पानी को नदी में पहुंचने से रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के उपनिदेशक नलिन कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आई टीम ने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में बैठक की। इसमें गंगा नदी में सीधे गिर रहे नालों की स्थिति, उनसे पहुंच रहे दूषित जल और प्रदूषण रोकने के संभावित उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा नदी में गिरने वाले सभी नालों को चिन्हित कर उनकी वर्तमान स्थिति का विस्तृत विवरण तैयार किया जाए। नालों के दूषित पानी को गंगा में जाने से रोकने के लिए तकनीकी और व्यावहारिक विकल्पों के आधार पर कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थिति में अनुपचारित गंदा पानी सीधे गंगा नदी में न पहुंचे।
बैठक के बाद राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने विकासखंड बढ़पुर के ग्राम सोता बहादुरपुर में गंगा नदी में गिरने वाले नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान नालों के निकास स्थलों और गंगा तक पहुंच रहे दूषित पानी की स्थिति का जायजा लिया गया।
टीम ने ग्राम पंचायत स्तर पर नालों के पानी को गंगा में पहुंचने से पहले रोकने और उसके उचित प्रबंधन के लिए फिल्टर चैंबर बनाने के निर्देश दिए। संबंधित ग्राम पंचायत और विभागीय अधिकारियों को इस कार्यवाही को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
इसके साथ ही जनपद में गंगा नदी में गिरने वाले अन्य नालों को भी चिन्हित कर उनके दूषित पानी के उपचार और निस्तारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इस कार्य में ग्राम पंचायत, विकासखंड और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने फतेहगढ़ स्थित 17 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान प्लांट की कार्यप्रणाली और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
टीम ने गंगा नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित मानकों के अनुसार नालों के दूषित जल का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अवनीश कुमार, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई जल निगम कानपुर के परियोजना अभियंता मोहित चक, जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल, जल निगम शहरी के विपुल कुमार सहित खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।