Saturday, 19 September 2026 | 8:20 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:लोहिया अस्पताल में सुबह 8 बजे से बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू, मनमानी ड्यूटी और लेटलतीफी पर DM का शिकंजा

फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में डीएम के निर्देश पर शुक्रवार से डॉक्टरों और कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू कर दी गई। सुबह 8 बजे से ही डॉक्टर और स्टाफ मशीन पर हाजिरी लगाने पहुंचे। करीब 250 कर्मचारियों की अब बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज होगी।
Share:
फर्रुखाबाद:लोहिया अस्पताल में सुबह 8 बजे से बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू, मनमानी ड्यूटी और लेटलतीफी पर DM का शिकंजा
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 18 सितंबर 2026 लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की लेटलतीफी पर लगाम लगाने के लिए शुक्रवार से बायोमेट्रिक हाजिरी व्यवस्था शुरू कर दी गई। यह व्यवस्था जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर लागू की गई है। अब डॉक्टरों और स्टाफ की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन के जरिए दर्ज होगी।

शुक्रवार सुबह 8 बजे से ही डॉक्टर और कर्मचारी हाजिरी लगाने के लिए अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल में दो बायोमेट्रिक मशीनें लगाई गई हैं। इनमें से एक मशीन सीएमएस के कमरे में और दूसरी इमरजेंसी में स्थापित की गई है। दोनों मशीनों पर सुबह से ही डॉक्टरों और कर्मचारियों की भीड़ दिखाई दी।

हालांकि, पहले दिन कई कर्मचारियों को हाजिरी दर्ज कराने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ कर्मचारी बार-बार अंगूठा और उंगली मशीन पर लगाते रहे, लेकिन उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी। बताया गया कि कुछ कर्मचारियों के नाम अभी मशीन में फीड नहीं किए गए हैं।

अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिलती रही हैं। हाजिरी रजिस्टर के माध्यम से उपस्थिति दर्ज किए जाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठते रहे थे। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने गुरुवार को लोहिया अस्पताल का निरीक्षण किया था और शुक्रवार से बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू करने के निर्देश दिए थे।

पुराना हाजिरी रजिस्टर हटाया गया

शुक्रवार को सीएमएस के कमरे में रखा हाजिरी रजिस्टर भी सीएमएस की टेबल से हटा दिया गया। पहले डॉक्टर और कर्मचारी इसी रजिस्टर में हस्ताक्षर कर अपनी उपस्थिति दर्ज करते थे। अब उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा।

लोहिया पुरुष अस्पताल के सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि अस्पताल में नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग के करीब 250 कर्मचारी हैं। सभी की हाजिरी अब बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से दर्ज की जाएगी।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद अस्पताल प्रशासन को उम्मीद है कि डॉक्टरों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होगी और मरीजों को निर्धारित समय पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।