Saturday, 10 October 2026 | 4:45 AM
उत्तर प्रदेश

कासगंज:विकास भवन परिसर, कासगंज में एनडीआरएफ टीम ने किया भूकंप आपदा पर मॉक अभ्यास

Share:
 कासगंज:विकास भवन परिसर, कासगंज में एनडीआरएफ  टीम ने किया भूकंप आपदा पर मॉक अभ्यास
Read in your preferred language.
*विकास भवन परिसर, कासगंज में एनडीआरएफ  टीम ने किया भूकंप आपदा पर मॉक अभ्यास*

8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), गाजियाबाद द्वारा वाहिनी कमांडेंट श्री सुदेश कुमार के मार्गदर्शन में जनपद कासगंज के विकास भवन परिसर में भूकंप जैसी आपातस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री आलोक कुमार गुप्ता, जिला आपदा विशेषज्ञ सुश्री दीपमा वर्मा भी उपस्थित रहीं।

यह मॉक अभ्यास 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ के वाहिनी द्वितीय कमान श्री पवन देव गौर के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। इसमें इंस्पेक्टर चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में एनडीआरएफ के 30 सदस्यीय टीम ने भाग लिया। अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, अग्निशमन विभाग, आपदा मित्र सहित अन्य संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

मॉक अभ्यास के दौरान भूकंप से ध्वस्त भवन में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा हाईराइज रेस्क्यू की तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। एनडीआरएफ जवानों ने विशेष बचाव तकनीकों का उपयोग करते हुए फंसे व्यक्तियों को बाहर निकाला। इस दौरान विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में अपनी भूमिका निभाई।

इस अवसर पर वाहिनी द्वितीय कमान श्री पवन देव गौर ने बताया कि इस प्रकार के मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संभावित आपदाओं के दौरान सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, उनकी तैयारियों को परखना तथा वास्तविक आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि नियमित मॉक अभ्यास से विभिन्न एजेंसियों की कार्यक्षमता एवं आपसी समन्वय मजबूत होता है, जिससे आपदा के दौरान जन-धन की हानि को कम करने और प्रभावित लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने में मदद मिलती है।