Thursday, 24 September 2026 | 8:55 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज :-विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित

Share:
 कासगंज :-विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
Read in your preferred language.
विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मंजूर अहमद ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश।

टीकाकरण गतिविधियों की समीक्षा कर टीकाकरण से वंचित एवं प्रतिरोधी परिवारों का टीकाकरण कराने पर दिया जोर।

कासगंज, 24 सितंबर 2026 (सू0वि0)। माह अक्टूबर में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने हेतु प्रथम जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
       बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, नगर विकास विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
      बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें तथा अभियान के दौरान की जाने वाली गतिविधियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
      ग्राम पंचायत विभाग को जनपद के समस्त ग्रामों में नियमित रूप से एंटीलार्वा स्प्रे, फॉगिंग तथा नालियों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। नगर विकास विभाग को नगर क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग एवं एंटीलार्वा छिड़काव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
     कृषि विभाग के अधिकारियों को चूहे एवं छछूंदर से होने वाले रोगों के संबंध में जनमानस को जागरूक करने तथा आवश्यक सावधानियों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को पशुओं से होने वाले रोगों के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
      इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में टीकाकरण के संबंध में जिला टास्क फोर्स की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त विकास खण्डों में संचालित टीकाकरण गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा एवं चर्चा की गई। साथ ही टीकाकरण से वंचित एवं टीकाकरण के प्रति प्रतिरोधी परिवारों को चिन्हित कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
       बैठक में सभी संबंधित विभागों द्वारा अपने विभागीय स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान तथा टीकाकरण गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जनसहभागिता के साथ कार्य करें, जिससे जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के साथ-साथ शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
----------------