जौनपुर :उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद के युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में बी0आर0पी0 इंटर कॉलेज के परिसर में वृहद रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की उपस्थित कम्पनियों द्वारा शार्टलिस्ट किये गये 11 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किया गया। रोजगार मेलें में कुल 50 कम्पनियों में 3485 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग/साक्षात्कार दिया जिसमें से 1047 अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री गिरीश चंद्र यादव, मा0 विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह प्रिंशु, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजीत प्रजापति एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्य द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने अतिथियों को बुके ,अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संबोधित करते मा0 राज्यमंत्री जी ने कहा कि युवा देश का भविष्य, सबसे बड़ी पूंजी और सबसे बड़ी ताकत हैं। देश के सामने जब भी संकट एवं विपरीत परिस्थितियां आई हैं, युवाओं ने अपनी प्रतिभा, क्षमता एवं परिश्रम से देश को मजबूती प्रदान की है। शासन की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में बेहतर औद्योगिक वातावरण तैयार किया जा रहा है, जिससे उद्योग, व्यापार एवं एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से रिकॉर्ड संख्या में नियुक्तियां की गई हैं तथा निजी क्षेत्र में भी युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज के रोजगार मेले में लगभग 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आई हैं। युवाओं को कम से कम एक-दो वर्ष तक धैर्य एवं लगन के साथ कार्य करते हुए अनुभव प्राप्त करना चाहिए। अनुभव बढ़ने के साथ ही कार्यक्षमता में सुधार होता है और कंपनी में आगे बढ़ने तथा वेतन वृद्धि के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं।
उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी नशीले पदार्थों के सेवन के साथ-साथ मोबाइल के अत्यधिक उपयोग की भी आदी होती जा रही है। मोबाइल पर अनावश्यक रूप से रील्स देखने एवं अधिक समय व्यतीत करने से युवाओं की पढ़ाई, स्वास्थ्य एवं मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं मित्रों को भी जागरूक करने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री जी के नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने रोजगार मेले के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही जिन युवाओं को अपनी इच्छानुसार अवसर प्राप्त नहीं हो सका, उन्हें निराश न होने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि आगामी 23 नवम्बर को राजकीय आई0टी0आई0, सिद्दीकपुर में एक और वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा प्रतिभाग कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
मा0 विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह प्रिंशु ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़कर रोजगार के योग्य बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा एवं कौशल को सही दिशा और अवसर प्रदान करने से विकास को नई गति मिलती है। इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से पूरी मेहनत, लगन एवं आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि जनपद के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनकी शैक्षिक एवं व्यावसायिक योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद करें, अपनी योग्यता एवं कौशल का बेहतर प्रदर्शन करें और अपनी रुचि के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्राप्त होने वाले ऐसे अवसर उनके भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों सहित 50 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें प्रमुख रूप से श्री गणेश कंस्ट्रेट, अडानी सोलर पावर एनर्जी लिमिटेड, डिक्सन टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड, जे0बी0 इंडस्ट्रीज, महादेव हनुमान, विजय प्लेसमेंट सर्विसेज, टी0एस0पी0एल0 ग्रुप एवं आर0एस0टी0 ग्रुप ऑफ सर्विसेज सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों द्वारा मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन एवं ट्रेनी सहित विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया संपन्न की गई। रोजगार मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं उत्तीर्ण, स्नातक, परास्नातक, आई0टी0आई0, डिप्लोमा, ए0एन0एम0, जी0एन0एम0 एवं कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के साथ-साथ अकुशल श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर पहुंचकर अपनी शैक्षिक एवं व्यावसायिक योग्यता के अनुसार आवेदन किया तथा कंपनी प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग किया।
मा0 राज्यमंत्री जी के कर कमलो से नियुक्ति पत्र भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री सलमान शेख ने किया। आभार जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने व्यक्त किया।
उत्तर प्रदेश
जौनपुर :तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार मेला का हुआ शुभारम्भ