फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 21 सितंबर 2026 ब्लॉक मोहम्मदाबाद के ग्राम सभा जाजपुर गोवा में सोमवार, 21 सितंबर को भारतीय किसान यूनियन टिकैत की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जाजपुर गोवा सहित नगला बहादुर, जाजपुर बंजारा, बराकेशव, शेखपुर खजुरी, कटैया और नदौरा गांवों के बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
बैठक में क्षेत्र की हजारों बीघा कृषि भूमि के औद्योगिक गलियारे के लिए लिए जाने को लेकर किसानों की समस्याओं और चिंताओं पर चर्चा की गई। किसानों ने जमीन अधिग्रहण तथा अपनी भूमि के उचित मूल्य सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया।
बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने आरोप लगाया कि सरकारें किसानों और उद्योगपतियों के बीच किसानों के हितों की अनदेखी कर रही हैं।
कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए राजनीतिक टिप्पणी की और कहा कि किसानों के हितों को प्राथमिकता दिए जाने की जरूरत है।
वहीं जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने किसानों से संगठित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि किसान संगठित नहीं हुए तो उनकी जमीनों के संबंध में लिए जाने वाले फैसलों में उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने किसानों को फसल का उचित मूल्य और एमएसपी की गारंटी दिए जाने की मांग भी उठाई।
अजय कटियार ने कहा कि औद्योगिक गलियारे के नाम पर यदि किसानों को परेशान किया गया तो संगठन किसानों के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि किसान अब अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष करने को तैयार है।
उन्होंने किसानों द्वारा अपने ट्रैक्टरों पर लगाए गए झंडों और तिरंगे की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसान देश के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और अपनी मेहनत से पूरे देश का पेट भरता है।
बैठक की अध्यक्षता जगन्नाथ यादव ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया।
इस अवसर पर जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार, गुड्डू यादव, बिजनेस यादव, रामप्रकाश पाल, शिवराम शाक्य, प्रदीप यादव, दीपक राठौर, अनेंद्र गंगवार, बड़े यादव, बाबूराम, रामनरेश यादव, आराम सिंह, अंकेश गंगवार, दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।