Sunday, 25 October 2026 | 3:08 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में रबी बीज व मसूर मिनीकिट वितरण के लिए ई-लाटरी, 164 कृषकों का चयन

फर्रुखाबाद विकास भवन सभागार में रबी बीज एवं मिनीकिट वितरण के लिए ई-लाटरी आयोजित की गई। मसूर की 164 मिनीकिट के लिए 164 कृषकों का चयन किया गया। सामान्य बीज 50 प्रतिशत अनुदान और मिनीकिट निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
Share:
फर्रुखाबाद में रबी बीज व मसूर मिनीकिट वितरण के लिए ई-लाटरी, 164 कृषकों का चयन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) रबी सीजन 2026 में कृषकों को उन्नतशील बीज एवं मिनीकिट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार 24 अक्टूबर 2026 को विकास भवन सभागार में ई-लाटरी आयोजित की गई। कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी फर्रुखाबाद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

ई-लाटरी के दौरान उप कृषि निदेशक अरविन्द मोहन मिश्र, जिला कृषि अधिकारी/जिला कृषि रक्षा अधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. अरविन्द कुमार, प्रगतिशील कृषक कृपाल सिंह सहित बुकिंग कराने वाले अन्य कृषक उपस्थित रहे।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर रबी फसलों के बीज उपलब्ध हो चुके हैं। शासन के निर्देशानुसार पूर्व व्यवस्था ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के स्थान पर लक्ष्य से अधिक बुकिंग वाले बीज एवं मिनीकिट के लिए ई-लाटरी के माध्यम से कृषकों का चयन किया जा रहा है।

जनपद में मसूर मिनीकिट के लिए विकासखंडवार निर्धारित लक्ष्य से अधिक बुकिंग होने के कारण ई-लाटरी आयोजित की गई। ई-लाटरी के माध्यम से 164 मसूर मिनीकिट के लिए 164 कृषकों का चयन किया गया।

कृषि विभाग के अनुसार बीज एवं मिनीकिट के अवशेष लक्ष्य के लिए ऑनलाइन बुकिंग विभागीय वेबसाइट agriculture.up.gov.in पर की जा सकती है। रबी सीजन 2026 की प्रमुख फसलों—तोरिया, गेहूं, चना, मटर, मसूर, सरसों एवं शंकर सरसों की उन्नत किस्मों के सामान्य बीज तथा निःशुल्क मिनीकिट की बुकिंग जारी है।

जिन बीजों एवं मिनीकिट के लिए लक्ष्य से कम अथवा लक्ष्य के बराबर बुकिंग हुई है, उनके वितरण के लिए कृषकों का चयन निदेशालय स्तर से स्वतः ऑटो ई-लाटरी के माध्यम से किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कृषकों से अपील की कि कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे उन्नतशील प्रजातियों के बीजों की समय से बुआई करें। उन्होंने बताया कि राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर रबी सत्र के लिए सामान्य बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर तथा सभी मिनीकिट निःशुल्क उपलब्ध हैं। इनका वितरण पॉस मशीन के माध्यम से ऑन-स्पॉट सब्सिडी के साथ किया जाएगा।