फर्रुखाबाद (द दस्तक 24) : आगामी त्योहारों के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जनपद फतेहगढ़ पुलिस ने एक विशेष पहल की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखा बनाने, बेचने, रखने या उनका परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पुलिस द्वारा आम जनमानस की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए एक समर्पित CUG नंबर 7839856742 जारी किया गया है। इस नंबर पर नागरिक अवैध आतिशबाजी से जुड़ी किसी भी गतिविधि या संदिग्ध आतिशबाज़ की शिकायत 24 घंटे में कभी भी दर्ज करा सकते हैं।
पुलिस प्रशासन ने जनता को आश्वस्त किया है कि शिकायत दर्ज कराने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। "आपकी सुरक्षा - हमारी प्राथमिकता" के संकल्प के साथ फतेहगढ़ पुलिस ने सभी नागरिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से नियमों का पालन करने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।