Tuesday, 15 September 2026 | 3:20 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद : तमंचे की नोक पर नवविवाहिता से 7.05 लाख की लूट, दो युवकों पर आरोप

फर्रुखाबाद के नवाबगंज के इस्माइलपुर सिरौली में नवविवाहिता से तमंचे की नोक पर 7.05 लाख रुपये की लूट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
Share:
फर्रुखाबाद : तमंचे की नोक पर नवविवाहिता से 7.05 लाख की लूट, दो युवकों पर आरोप
भावना पत्नी गोविंद की तस्वीर
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर सिरौली गांव में सोमवार शाम एक नवविवाहिता के घर कथित लूट की घटना से हड़कंप मच गया। आरोप है कि घर में घुसे दो युवकों ने तमंचे की नोक पर महिला से मारपीट कर तिजोरी की चाबी छीन ली और करीब 7.05 लाख रुपये की नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घर में अकेली थी नवविवाहिता

इस्माइलपुर सिरौली गांव निवासी भावना पत्नी गोविंद ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब 7 बजे वह घर पर अकेली थीं। उनके पति किसी काम से शहर गए हुए थे। इसी दौरान दो युवक कथित तौर पर घर में घुस आए। महिला का आरोप है कि दोनों ने उनके साथ मारपीट की और तमंचा दिखाकर तिजोरी की चाबी अपने कब्जे में ले ली।

नकदी और लाखों के जेवर ले जाने का आरोप

महिला के मुताबिक, आरोपियों ने तिजोरी खोलकर उसमें रखे करीब 55 हजार रुपये नकद और लगभग 6.50 लाख रुपये कीमत के जेवरात निकाल लिए। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने फोन कर अपने पति को मामले की जानकारी दी।

पति के रात करीब 8 बजे घर पहुंचने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी राजीव कुमार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और महिला से पूछताछ कर मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में जुटी

मोहम्मदाबाद के सीओ आलोक कुमार ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से लूट की सूचना मिली थी। जेवरात चोरी होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस घटना की वास्तविकता, आरोपों और कथित लूट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

द दस्तक 24 न्यूज़ - संवाददाता विकास राठौड़, नवाबगंज, फर्रुखाबाद