Tuesday, 15 September 2026 | 5:04 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद : मुरहास रोड की बदहाली बनी राहगीरों की मुसीबत, गड्ढों और जलभराव से निकलना मुश्किल

फर्रुखाबाद की मुरहास रोड पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव से राहगीर परेशान हैं। जसमई दरवाजा-पचपुखरा के बीच सड़क की हालत बेहद खराब है, वहीं कायमगंज रोड के पुल का निर्माण भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना है।
Share:
फर्रुखाबाद : मुरहास रोड की बदहाली बनी राहगीरों की मुसीबत, गड्ढों और जलभराव से निकलना मुश्किल
फर्रुखाबाद के मुरहास रोड की बदहाल स्तिथि
Read in your preferred language.

जनपद फर्रुखाबाद के जसमई दरवाजा से मुरहास कन्हैया तक जाने वाली मुरहास रोड की हालत लगातार खराब होती जा रही है। बरसात के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से यह मार्ग राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। सबसे खराब स्थिति जसमई दरवाजा और पचपुखरा गांव के बीच है, जहां सड़क पर पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है।

हल्की बारिश के बाद सड़क बन जाती है तालाब

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हल्की बारिश होने के बाद भी सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है। पानी कुछ कम होने के बाद सड़क पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। आए दिन बाइक और साइकिल सवार इन गड्ढों में गिरकर चोटिल होते हैं। वहीं पैदल निकलने वाले लोगों को भी कीचड़ और पानी के बीच रास्ता तलाशकर निकलना पड़ता है।

ठेले और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी

मुरहास रोड की बदहाल स्थिति का असर उन लोगों पर भी पड़ रहा है जो ठेले लगाकर या ठेला लेकर रोजी-रोटी कमाते हैं। सड़क के बड़े गड्ढों के कारण कई बार ठेले असंतुलित होकर पलट जाते हैं, जिससे सामान खराब होने के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।

भारी वाहनों से बढ़ रहा खतरा

इस मार्ग पर आसपास के गांवों के अलावा बड़े वाहनों का भी आवागमन रहता है। ट्रैक्टर और ट्रक जैसे भारी वाहन भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क के गहरे गड्ढों में वाहन फंसने की स्थिति में जाम के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

कायमगंज रोड का पुल भी बना परेशानी

जसमई दरवाजा की ओर कायमगंज रोड पर स्थित पुल को खराब स्थिति के चलते तोड़ दिया गया है। पुल के निर्माण कार्य को लेकर बताया गया है कि इसे पूरा होने में कई महीने का समय लग सकता है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जिस मार्ग पर दिनभर बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन रहता है, वहां निर्माण कार्य को जल्द पूरा क्यों नहीं कराया जा रहा? लोगों का कहना है कि शाम होते ही काम बंद हो जाता है और रात में भी निर्माण कार्य नहीं होता, जिससे दिन के समय यातायात का दबाव और परेशानी दोनों बढ़ जाते हैं।

कई गांवों के लोगों का मुख्य मार्ग

मुरहास रोड आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन का मार्ग है। पचपुखरा, बाबा नगला, रायपुर समेत सड़क के आसपास बसे गांवों के लोगों को रोजाना इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, बाइक सवारों, साइकिल चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जनता ने उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति हर साल पहले से ज्यादा खराब होती जा रही है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। बारिश के बाद सड़क पर बने गड्ढे और उनमें भरा पानी इसकी बदहाली की तस्वीर साफ दिखाते हैं। अब लोगों की मांग है कि मुरहास रोड की मरम्मत के साथ बड़े गड्ढों को तत्काल भरा जाए और कायमगंज रोड के पुल का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को राहत मिल सके। तस्वीरें खुद बयां कर रही हैं कि मुरहास रोड की जमीनी स्थिति क्या है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस बदहाल सड़क को कब तक राहत देता है।