फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 22 सितंबर 2026 खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को जनपद के निजी अस्पतालों एवं नर्सिंगहोम में संचालित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों में दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई और संदिग्ध औषधियों के नमूने संकलित किए गए।
औषधि निरीक्षक स्वातिका घोष की ओर से जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार, आवास विकास तिराहा स्थित माया हॉस्पिटल में संचालित मेसर्स निदानिका मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया गया। यहां मेडिकल स्टोर के क्रय एवं विक्रय अभिलेखों की जांच के साथ भंडारित चार संदिग्ध औषधियों के नमूने लिए गए।
इसके अलावा फर्रुखाबाद सिटी हॉस्पिटल, बढ़पुर में संचालित सियोवल इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया गया। यहां निरीक्षण के दौरान दो संदिग्ध औषधियों के नमूने संकलित किए गए।
इसी क्रम में आर.के. हॉस्पिटल, डॉ. जे.एम. वर्मा, आवास विकास कॉलोनी, फर्रुखाबाद में संचालित मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया, जहां से भी दो औषधियों के नमूने लिए गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी मेडिकल स्टोरों पर औषधि विक्रय लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाया गया। इस संबंध में मेडिकल स्टोर स्वामियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के लिए निरीक्षण आख्या सहायक आयुक्त (औषधि), कानपुर मंडल, कानपुर को संस्तुति सहित भेजी गई है।
निरीक्षण के दौरान संकलित सभी औषधि नमूनों को राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 में निहित प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।