Wednesday, 23 September 2026 | 9:14 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:संभव अभियान के तहत स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी, छात्राओं को स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

फर्रुखाबाद के स्वामी रामानंद बालिका इंटर कॉलेज में संभव अभियान 2026 के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। डॉ. नवनीत गुप्ता ने छात्राओं को पौष्टिक आहार, स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी, जबकि डॉ. शोभा सक्सेना ने व्यक्तिगत स्वच्छता एवं किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों के बारे में जागरूक किया।
Share:
फर्रुखाबाद:संभव अभियान के तहत स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी, छात्राओं को स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 22 सितंबर 2026 संभव अभियान 2026 के अंतर्गत स्वामी रामानंद बालिका इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छ पर्यावरण तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर में सिविल अस्पताल, फर्रुखाबाद के चिकित्सक डॉ. नवनीत गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार के साथ-साथ स्वच्छ एवं शुद्ध वायु भी आवश्यक है। उन्होंने वायु प्रदूषण से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदूषित वायु से अस्थमा, सीओपीडी (COPD), त्वचा संबंधी रोगों तथा हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है।

डॉ. नवनीत गुप्ता ने छात्राओं एवं शिक्षिकाओं से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक आदि जलाने से वातावरण प्रदूषित होता है, इसलिए इससे बचना चाहिए। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है।

इस अवसर पर डॉ. शोभा सक्सेना ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था एवं उम्र बढ़ने के साथ होने वाले शारीरिक परिवर्तनों तथा हार्मोनल बदलावों के संबंध में उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की प्राचार्या श्रीमती रीता दुबे द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद एवं भारत विकास परिषद, फर्रुखाबाद का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।