Thursday, 17 September 2026 | 2:58 PM
उत्तर प्रदेश

आशुतोष अपहरण-हत्या मामले में पुलिस कार्रवाई, जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी निलंबित

फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के कोरीखेड़ा गांव में नौ महीने पहले हुए 10 वर्षीय आशुतोष गुप्ता के अपहरण और हत्या के मामले में लंबे समय से खुलासा न होने पर पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा था। 3 सितंबर को मुख्यमंत्री की जनसभा में जाने से रोकने और परिजनों से कथित अभद्रता का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने प्राथमिक जांच के आधार पर जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
Share:
आशुतोष अपहरण-हत्या मामले में पुलिस कार्रवाई, जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी निलंबित
जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 17 सितम्बर 2026 जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव कोरीखेड़ा में करीब नौ महीने पहले हुए 10 वर्षीय बालक आशुतोष गुप्ता के अपहरण और हत्या के मामले में अब पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। मामले का लंबे समय से खुलासा न होने और हाल में पीड़ित परिवार के साथ कथित पुलिस व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 10 दिसंबर 2025 को चंद्र प्रकाश गुप्ता के 10 वर्षीय पुत्र आशुतोष गुप्ता का अपहरण हो गया था। इसके चार दिन बाद 14 दिसंबर को बालक का शव आलू के खेत से बरामद किया गया था। मृतक की मां पूनम गुप्ता की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद लंबे समय तक मामले का खुलासा नहीं होने से परिवार लगातार न्याय की मांग करता रहा।

परिजनों के अनुसार, 3 सितंबर को पुलिस लाइन मैदान में मुख्यमंत्री की जनसभा आयोजित की गई थी। परिवार मामले के खुलासे और न्याय की मांग को लेकर जनसभा में पहुंचना चाहता था। आरोप है कि जहानगंज पुलिस गांव कोरीखेड़ा पहुंची और परिवार को घर से बाहर जाने से रोक दिया। विरोध के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा परिजनों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने तथा मोबाइल से वीडियो डेटा डिलीट करने के आरोप भी लगाए गए।

इस घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी।

इसी क्रम में बालक की बहन अंशिका गुप्ता और चाचा रामजीत ने 10 सितंबर को लखनऊ पहुंचकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की और न्याय की गुहार लगाई। परिवार इससे पहले भी DIG और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच तथा कार्रवाई की मांग कर चुका था।

मामले की गंभीरता और प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अब परिवार को उम्मीद है कि बालक की हत्या के मामले की जांच में तेजी आएगी और घटना के वास्तविक कारणों तथा आरोपियों के संबंध में पुलिस जल्द स्थिति स्पष्ट करेगी।