Friday, 02 October 2026 | 4:44 AM
उत्तर प्रदेश

एटा: कलेक्ट्रेट परिसर से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ

डीएम एम. अरुन्मोली और पालिकाध्यक्ष सुधा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर जनजागरूकता रैली को किया रवाना
Share:
एटा: कलेक्ट्रेट परिसर से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ
संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ करतीं जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा गुप्ता
Read in your preferred language.
द दस्तक 24: एटा उत्तर प्रदेश:
एटा। कलेक्ट्रेट परिसर से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने संयुक्त रूप से जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में सात विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ स्काउट-गाइड ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने लोगों को स्वच्छता अपनाने और संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता तथा साफ-सफाई बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। लोगों से घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने देने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की अपील की गई।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता के साथ जनजागरूकता बेहद जरूरी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी बनाएं और लोगों तक बचाव संबंधी जानकारी पहुंचाएं। नगर पालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने भी स्वच्छता अभियान में आमजन की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने लोगों से अपील की कि बुखार सहित संचारी रोगों से संबंधित कोई लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। कार्यक्रम में सीडीओ राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, बीएसए अनुपम अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
संवाददाता: लोधी रघुवीर सिंह राजपूत