Monday, 21 September 2026 | 7:09 PM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : स्वास्थ्य मेले का सीएमओ ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शासन द्वारा चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत जनपद के सभी ब्लाकों में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को मोहम्मदी ब्लाक पर आयोजित स्वास्थ्य मेले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने निरीक्षण किया।
Share:
लखीमपुर खीरी : स्वास्थ्य मेले का सीएमओ ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण की तस्वीर
Read in your preferred language.
​शासन द्वारा चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत जनपद के सभी ब्लाकों में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को मोहम्मदी ब्लाक पर आयोजित स्वास्थ्य मेले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मोहम्मदी, पसगवां, मितौली और गोला में इसी सप्ताह स्वास्थ्य मेलों का आयोजन होगा, बाकी ब्लॉकों में अगले दो सप्ताह में स्वास्थ्य मेलों के आयोजन किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सीएचसी के पास निर्माणाधीन तीन मंजिला क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए। सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को त्वरित और सही मेडिकल देखभाल देने में यह ब्लॉक बहुत मददगार साबित होगा।

स्वास्थ्य मेले में सीएमओ के निरीक्षण के समय तक स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 18 नए आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके थे, 35 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग हो चुकी थी और परिवार नियोजन के तहत 15 लोगों की काउंसलिंग की जा चुकी थी।

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने स्टाफ को निर्देशित किया कि जिन आयुष्मान लाभार्थियों के डेटा में मामूली गलतियां हैं, उन्हें तत्काल पोर्टल पर फीड कर मुख्यालय को प्रेषित करें, ताकि उनका आयुष्मान कार्ड बन सके और उन्हें 5 लाख रुपए तक के निशुल्क इलाज का लाभ मिल सके। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सीडीपीओ से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी सहायिकाओं के परिवार के सदस्यों के लिए आयुष्मान कार्ड कवरेज की प्रक्रिया में तेज़ी लाने के बारे में भी बात की।

​उन्होंने परिवार नियोजन काउंसलर को निर्देश दिए कि वे नवविवाहित दंपतियों को परिवार नियोजन के उपायों और इसके दीर्घकालिक लाभों के बारे में विस्तार से जागरूक करें। एनसीडी स्क्रीनिंग को लेकर स्टाफ नर्स और काउंसलर को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) और मधुमेह (डायबिटीज) के ऐसे मरीज जो नियमित उपचार नहीं ले रहे हैं, उनका फॉलोअप किया जाए। उनकी काउंसलिंग कर उन्हें नियमित दवा खाने के लिए प्रेरित करें और इसकी फीडिंग अनिवार्य रूप से 'ई-कवच पोर्टल' पर की जाए। साथ ही टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर उन्होंने कहा कि टीबी के लक्षण वाले सभी लोगों की शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों की समय पर खोज कर उनका इलाज पूरा किया जा सके। इस पूरी निरीक्षण कार्यवाही के दौरान सीएचसी अधीक्षक सचिन गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान' के उद्देश्यों पर बोलते हुए सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा, "शासन का यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक उत्कृष्ट और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का हमारा दृढ़ संकल्प है। हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद पैसों के अभाव या जानकारी की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे। इन स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से हम बीमारियों की जल्द पहचान (अर्ली डिटेक्शन) और त्वरित उपचार कर एक स्वस्थ और सशक्त जनपद के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।