Saturday, 10 October 2026 | 4:49 AM
उत्तर प्रदेश

बांदा: बिहार की तर्ज पर यूपी में भी शराबबंदी की मांग

Share:
बांदा: बिहार की तर्ज पर यूपी में भी शराबबंदी की मांग
Read in your preferred language.

बांदा, 9 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी बबेरू के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान 300 से अधिक लोग शामिल हुए और बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग उठाई। ज्ञापन में बबेरू विधानसभा क्षेत्र सहित जनपद बांदा और पूरे प्रदेश में अवैध शराब की भट्टियों, जहरीली एवं मिलावटी शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही किराना दुकानों एवं अन्य स्थानों से होने वाली अवैध शराब बिक्री, विद्यालयों और घनी आबादी के आसपास संचालित शराब की दुकानों तथा गांजा, चरस और अफीम जैसे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि नशे की बढ़ती समस्या से महिलाओं, युवाओं और परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। सरकार को इस गंभीर विषय पर ठोस कदम उठाते हुए बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी पूर्ण शराबबंदी लागू करने की दिशा में आवश्यक नीति तैयार करनी चाहिए। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें गठित करने, दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा युवाओं को नशे से बचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की। इस दौरान महिला जिला अध्यक्ष पिंकी प्रजापति, अतर्रा महिला नगर अध्यक्ष ज्योति मौर्य, रामप्यारी देवी, गीता, जिला अध्यक्ष जुगुल पटेल, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल चौधरी, दिव्यांग प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष बिहारी लाल अनुरागी, संतोष अकेला प्रदेश सयोजक दिव्यांग प्रकोष्ठ, भरत लाल कुशवाहा, सुशील पाल, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रामरूप पटेल, किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रामभवन पटेल, पूर्व प्रधान श्रवण पटेल (जुगरेहली), द्वारिका पटेल, सुभाष पटेल, विपिन पटेल, संजय पटेल, रामप्रकाश पटेल, भूरा निषाद, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष महबूब अली, रेनू, फूला, राजा बाई और राजपति सहित 300 से अधिक लोग उपस्थित रहे।