Monday, 16 November 2026 | 5:45 AM
उत्तर प्रदेश

बाल दिवस पर प्राथमिक विद्यालय पारन कुंडा में जागरूकता एवं उपहार वितरण कार्यक्रम आयोजित

Share:
बाल दिवस पर प्राथमिक विद्यालय पारन कुंडा में जागरूकता एवं उपहार वितरण कार्यक्रम आयोजित
आजमगढ़ ब्यूरो :- आजमगढ़ में बाल दिवस के अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्राथमिक विद्यालय पारन कुंडा, विकास खण्ड अजमतगढ़ में जागरूकता एवं उपहार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रजनीश कुमार श्रीवास्तव, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी निहार नंदन एवं उनकी टीम के समस्त सदस्य, विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बच्चों को बाल संरक्षण, बाल अधिकारों, शिक्षा के महत्व तथा बच्चों के हित में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न टूलकिट के माध्यम से योजनाओं के उद्देश्य, लाभ एवं पात्रता की जानकारी देते हुए बच्चों तथा उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं विकास के समान अवसर प्राप्त होना उनका अधिकार है। बच्चों की सुरक्षा एवं उनके बेहतर भविष्य के लिए शासन द्वारा विभिन्न योजनाएं एवं व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका पात्र बच्चों तक लाभ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर बाल दिवस की खुशियां बच्चों के साथ साझा करते हुए उन्हें पुस्तकें, पेंसिल एवं रबड़ सहित शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। उपहार एवं शैक्षणिक सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खिल उठे। अधिकारियों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर शैक्षिक एवं मानसिक विकास के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने कहा कि बाल दिवस बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा, शिक्षा एवं खुशहाल बचपन के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है। बच्चों को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें शिक्षा और विकास के पर्याप्त अवसर प्रदान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय परिवार से बच्चों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र बच्चों को योजनाओं से लाभान्वित कराने में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों एवं उपस्थित लोगों को बाल अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा बाल संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करते हुए शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास की शुभकामनाओं के साथ किया गया।