Monday, 09 November 2026 | 11:07 PM
भारत

अरवल: खेल भावना से खेला गया पत्रकारों और पुलिस के बीच क्रिकेट मैच

Share:
अरवल: खेल भावना से खेला गया पत्रकारों और पुलिस के बीच क्रिकेट मैच
द दस्तक 24 प्रतिनिधि 

अरवल। पुलिस एवं मीडिया के बीच आपसी समन्वय, सौहार्दपूर्ण संबंध एवं बेहतर संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज पुलिस केंद्र, अरवल में पुलिस पदाधिकारियों एवं जिले के पत्रकारों के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पुलिस विभाग एवं मीडिया जगत के प्रतिनिधियों ने उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ भाग लिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अरवल श्री किरणकुमार गोरख जाधव ने स्वयं क्रिकेट मैदान में उतरकर खिलाड़ियों के साथ मैच में हिस्सा लिया। उनके साथ पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अरवल, पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस केंद्र, अरवल, पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना, अरवल, पुलिस निरीक्षक, अंचल अरवल तथा परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र, अरवल ने भी अपनी सहभागिता निभाई।

मैच के दौरान मैदान पर उत्साह और रोमांच का माहौल देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी एवं क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पूरे जोश एवं अनुशासन के साथ खेल भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग एवं टीम भावना ने आयोजन को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अरवल ने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, आपसी सहयोग एवं टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजन विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी मेलजोल एवं सकारात्मक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।

पुलिस एवं मीडिया समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। पुलिस जहां आम नागरिकों की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं मीडिया जनहित के मुद्दों को समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दोनों के बीच बेहतर समन्वय एवं सकारात्मक संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में सहायक है।

इस मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच के माध्यम से आपसी विश्वास, सहयोग, सौहार्द एवं सकारात्मक संवाद का संदेश दिया गया। आयोजन का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण रहा।