Sunday, 01 November 2026 | 9:09 AM
उत्तर प्रदेश

कासगंज में बिना पंजीकरण चल रही पैथ लैब सीज, स्वास्थ्य विभाग का अवैध अस्पतालों पर शिकंजा

Share:
कासगंज में बिना पंजीकरण चल रही पैथ लैब सीज, स्वास्थ्य विभाग का अवैध अस्पतालों पर शिकंजा
कासगंज : बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को जिला अस्पताल के पास स्थित वेल केयर पैथ लैब पर छापा मारकर उसे सीज कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार के नेतृत्व में टीम ने वेल केयर पैथ लैब (Well Care Path Lab) पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान लैब के पास कोई वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र नहीं मिला। टीम ने जब दस्तावेज मांगे तो संचालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

*बिना योग्य स्टाफ के हो रही थी खून की जांच*

नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार ने बताया कि जांच के दौरान लैब में रक्त परीक्षण के लिए कोई भी योग्य पैथोलॉजिस्ट या प्रशिक्षित लैब टेक्नीशियन तैनात नहीं मिला। आरोप है कि बिना निर्धारित योग्यता वाले कर्मचारियों से ही मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच कराई जा रही थी, जिससे मरीजों की जान को खतरा पैदा हो सकता था। रिपोर्ट भी मानकों के अनुरूप नहीं बनाई जा रही थी।

डॉ. मदन कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी श्री प्रणय सिंह के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य इकाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। लैब के संचालन में नियमों की घोर अनदेखी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से लैब को सीज कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना पंजीकरण, बिना योग्य डॉक्टर और बिना मानकों के चल रही किसी भी पैथ लैब, क्लीनिक या नर्सिंग होम को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की टीम लगातार ऐसे प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर रही है और आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित हो रहे अन्य लैब संचालकों में हड़कंप मच गया है।