फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 25 अक्टूबर 2026 उत्तर प्रदेश प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (UP PET)-2026 का आयोजन जनपद में रविवार को निर्धारित 22 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। परीक्षा के दौरान शुचिता, पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संजीव कुमार ने बताया कि प्रथम पाली में जनपद के 22 परीक्षा केंद्रों पर कुल 8,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,318 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,370 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पाली में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 72.20 प्रतिशत रही।
इसी प्रकार द्वितीय पाली में भी कुल 8,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,407 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2,281 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में कुल 73.75 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही की गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति, परीक्षा संचालन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी गई।
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा कार्मिकों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जनपद में परीक्षा का आयोजन शासन एवं संबंधित विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया गया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में परीक्षा के सफल संचालन एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने वाले सभी संबंधित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं कार्मिकों के प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संजीव कुमार ने आभार व्यक्त किया।